नोरा फतेही-कपिल शर्मा का शो कराने का झांसा, 1.41 करोड़ की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सूरत में इवेंट मैनेजमेंट का कारोबार करने वाले एक युवक से बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के लाइव शो कराने के नाम पर 1.41 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने अरिजीत सिंह, नोरा फतेही और कपिल शर्मा के साथ तस्वीरें दिखाकर भरोसा जीता और अलग-अलग खर्चों के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए. पुलिस ने एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
सेलिब्रिटीज संग फोटो दिखाकर ठगे.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG) सेलिब्रिटीज संग फोटो दिखाकर ठगे.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

संजय सिंह राठौर

  • सूरत,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:33 PM IST

गुजरात के सूरत में सेलिब्रिटी लाइव शो आयोजित कराने के नाम पर 1.41 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि मुंबई की दो कंपनियों के निदेशकों ने बॉलीवुड सितारों से अपने करीबी संबंध होने का दावा कर एक इवेंट मैनेजमेंट कारोबारी को झांसे में लिया और अलग-अलग खर्चों के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए.

Advertisement

मामले में सूरत के उत्राण पुलिस थाने में धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनिंदा नेताई सील को मुंबई के अंधेरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है.

यह भी पढ़ें: सूरत: चाकू से 6 वार, एक मौत, मामा ने भांजे को उतारा मौत के घाट, जानें पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की है या नहीं.

अरिजीत सिंह के शो के लिए हुआ था एमओयू

शिकायत के अनुसार, सूरत के मोटा वराछा निवासी और इवेंट मैनेजमेंट कारोबारी अभिषेक मोरडिया तथा उनके साझेदार हितेश गजेरा ने वर्ष 2024 में एक बड़ा लाइव शो आयोजित करने की योजना बनाई थी. इसी दौरान उनकी मुलाकात मुंबई निवासी अनिंदा नेताई सील और अनंतकुमार शिवनाथ गुप्ता से हुई.

Advertisement

दोनों आरोपियों ने बॉलीवुड कलाकारों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर भरोसा दिलाया कि वे प्रसिद्ध गायक अरिजीत सिंह का लाइव शो सूरत में आयोजित करा सकते हैं. इसके लिए शिकायतकर्ता से 11 लाख रुपये टोकन मनी लेकर एमओयू भी साइन किया गया.

कुछ समय बाद आरोपियों ने कहा कि अरिजीत सिंह का शो कराना संभव नहीं है. इसके बाद उन्होंने विकल्प के तौर पर कपिल शर्मा और नोरा फतेही का लाइव शो कराने का प्रस्ताव दिया.

फाइव स्टार होटल, फ्लाइट और फीस के नाम पर वसूले करोड़ों रुपये

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कलाकारों की फीस, सूरत आने-जाने की फ्लाइट, वेन्यू फाइनल करने, फाइव स्टार मैरियट होटल में ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर आरोपियों ने अलग-अलग समय पर विभिन्न बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 43 लाख 12 हजार 422 रुपये ट्रांसफर करा लिए.

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की कंपनी का गुजरात जीएसटी पंजीकरण पहले से ब्लॉक था. इसके बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल तैयार कर शिकायतकर्ता को सौंप दिया. जब कारोबारी ने दस्तावेजों की जांच कराई तो कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ.

पैसे लौटाने के बजाय दी धमकी

शिकायतकर्ता ने पहले पुलिस में आवेदन दिया था. इसके बाद आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए केवल 1 लाख 15 हजार रुपये वापस किए और बाकी रकम के बदले सिक्योरिटी चेक दिए.

Advertisement

हालांकि, बैंक में प्रस्तुत किए जाने पर सभी चेक बाउंस हो गए. शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने अपनी 1 करोड़ 41 लाख 97 हजार 422 रुपये की रकम वापस मांगी तो आरोपी ने फोन पर धमकी देते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया.

इसके बाद पीड़ित ने उत्राण पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

मुंबई से गिरफ्तार हुआ आरोपी, तस्वीरों का करता था इस्तेमाल

सूरत पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अनिंदा नेताई सील को मुंबई के अंधेरी इलाके से गिरफ्तार किया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है.

डीसीपी जोन-5 लखदीर सिंह झाला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का किसी भी सेलिब्रिटी से सीधा संबंध नहीं था. उसने विभिन्न कार्यक्रमों में सेलिब्रिटीज के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल सोशल मीडिया और मार्केटिंग के लिए किया.

पुलिस का कहना है कि आरोपी इन्हीं तस्वीरों के जरिए लोगों का विश्वास जीतता था और बिना किसी आधिकारिक अनुमति या सहमति के सेलिब्रिटीज के लाइव शो कराने का झांसा देकर कथित तौर पर ठगी करता था.

अन्य मामलों की भी जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी और उसकी कंपनियों ने देश के अन्य शहरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं.

Advertisement

साथ ही दूसरे आरोपी अनंतकुमार शिवनाथ गुप्ता और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »