गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण वलसाड और नवसारी जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. कई गांवों और निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोग फंस गए, जिसके बाद प्रशासन को हेलीकॉप्टर के जरिए राहत और बचाव अभियान शुरू करना पड़ा.
वलसाड जिले में दमन कोस्ट गार्ड के हेलीकॉप्टर की मदद से बड़े स्तर पर एयर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. सबसे पहले वापी के सलवाव इलाके में हुंडई शोरूम के पास बिजली के पोल पर फंसे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया. जिला प्रशासन के मुताबिक, युवक अपनी जान बचाने के लिए बुधवार से ही बिजली के पोल पर चढ़ा हुआ था और मदद का इंतजार कर रहा था.
यह भी पढ़ें: कहीं पानी के अंदर गाड़ियां, कहीं कॉलोनियां जलमग्न... कश्मीर से गुजरात तक जल प्रलय- VIDEOS
घटना की सूचना मिलने के बाद वापी के मामलतदार केपी कटारिया की मौजूदगी में हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. कई घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित निकाल लिया गया. प्रशासन का कहना है कि हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल से अब उन इलाकों तक भी राहत पहुंचाई जा सकेगी, जहां नावों का पहुंचना संभव नहीं है.
नवसारी के गांवों में घुसा पानी, बिगड़े हालात
उधर, नवसारी जिले के गणदेवी तालुका में भी बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए. मेन्धर भाट गांव में झींगा तालाब पर काम करने वाले 30 से ज्यादा मजदूर पिछले 24 घंटे से पानी के बीच एक कच्चे शेड की छत पर फंसे हुए थे. चारों तरफ पानी भर जाने के कारण उनके लिए बाहर निकलना नामुमकिन हो गया था.
फंसे हुए मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया. राहत और बचाव दल ने हेलीकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट ऑपरेशन चलाकर सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
यह भी पढ़ें: गुजरात में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा... हाइवे पर चल रही कार लबालब भरे नाले में जा गिरी, 4 लोगों की मौत
अगले 6 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान
प्रशासन का कहना है कि जिले में लगातार बारिश के कारण कई इलाके अब भी जलमग्न हैं और राहत कार्य जारी है. मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने तथा बिना जरूरत यात्रा न करने की अपील की है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बचाव अभियान भी चलाए जा रहे हैं. (रिपोर्ट: कौशिक जोशी, रौनक जानी)
aajtak.in