गुजरात के भावनगर जिले के पालिताना तालुका स्थित गार्जिया गांव में रविवार सुबह एक शेर के हमले से हड़कंप मच गया. गांव के सीमावर्ती इलाके में रहने वाले एक मालधारी पर शेर ने अचानक हमला कर दिया. इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शेर घायल व्यक्ति को जमीन पर दबाए हुए दिखाई देता है. वीडियो में आसपास मौजूद ग्रामीण शोर मचाकर और पत्थर फेंककर शेर को भगाने की कोशिश करते नजर आते हैं.
जानकारी के अनुसार, घायल मालधारी की पहचान कालूभाई बोघाभाई गामारा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह रविवार सुबह अपने घर के पास मौजूद थे, तभी अचानक एक शेर ने उन पर हमला कर दिया. शेर ने उनका पैर पकड़ लिया और काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले के दौरान मालधारी अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते रहे और वीडियो में उन्हें शेर से खुद को छुड़ाने की कोशिश करते हुए भी देखा जा सकता है.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायल को शेर के चंगुल से बचाया. इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए पालिताना सरकारी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें भावनगर सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना की जानकारी मिलते ही पालिताना वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई. वन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और उस शेर की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसने मालधारी पर हमला किया. अधिकारियों ने आसपास के ग्रामीणों और पशुपालकों को सतर्क रहने की सलाह भी दी है.
पालिताना वन विभाग के अधिकारी चिराग अमीन ने बताया कि घटना के तुरंत बाद विभाग की टीम सक्रिय हो गई है. इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और हमलावर शेर की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
इस घटना के बाद गार्जिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले पशुपालकों के बीच दहशत का माहौल है. ग्रामीण अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. वन विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि वे जंगल से सटे इलाकों में अकेले न जाएं और किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें.
ब्रिजेश दोशी