गुजरात के अहमदाबाद में क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के दौरान उस समय बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब एक हिस्ट्रीशीटर ने पूछताछ के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) शरद सिंघल पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में जेसीपी के हाथ पर चोट आई. इसके बाद आत्मरक्षा में जेसीपी ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी. घटना के बाद घायल जेसीपी और आरोपी, दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस को सूचना मिली थी कि अहमदाबाद के इसनपुर इलाके का रहने वाला हिस्ट्रीशीटर कलीम अवैध हथियार रखता है. इस जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पकड़ लिया. आरोपी से पूछताछ के लिए अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल और पुलिस इंस्पेक्टर घसुरा संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे थे.
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार अचानक हिंसक हो गया. इसी दौरान उसने अधिकारियों पर हमला कर दिया. बताया गया कि आरोपी ने एक किचन में इस्तेमाल होने वाला चाकू उठा लिया और सीधे जेसीपी शरद सिंघल पर हमला कर दिया. चाकू के हमले में जेसीपी शरद सिंघल के हाथ पर धारदार हथियार से चोट आई. घटना के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू करने की कोशिश की. हाथापाई के दौरान स्थिति गंभीर होती देख जेसीपी ने अपनी सुरक्षा के लिए सर्विस रिवॉल्वर निकाली.
अवैध हथियार की सूचना पर बिछाया जाल
आत्मरक्षा के लिए जेसीपी शरद सिंघल ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायर किया. गोली आरोपी कलीम के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने तुरंत स्थिति पर नियंत्रण किया और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. हमले में घायल जेसीपी शरद सिंघल को प्राथमिक उपचार दिया गया. इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है.
वहीं आरोपी का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसका इलाज किया गया. पुलिस ने आरोपी कलीम के पास से कुल चार हथियार बरामद किए हैं. बताया गया कि कलीम पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. उसके खिलाफ 30 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं. जानकारी के अनुसार कार्रवाई के समय जेसीपी शरद सिंघल सादे कपड़ों में थे. आरोपी की पहले ही तलाशी ली जा चुकी थी.
आरोपी के पास से चार हथियार बरामद
इसके बावजूद आरोपी ने पूछताछ के दौरान किचन में इस्तेमाल होने वाला चाकू उठा लिया और हमला कर दिया. बताया गया कि आरोपी नशे की हालत में था. साथ ही उसे यह भी पता नहीं था कि जिस अधिकारी पर वह हमला कर रहा है, वह अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपी से बरामद हथियारों और हमले के पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पूछताछ की प्रक्रिया को लेकर भी पुलिस सभी पहलुओं की समीक्षा कर रही है.
अतुल तिवारी