होली से ठीक पहले दिल्ली में पानी की किल्लत होने जा रही है. दरअसल, वजीराबाद और चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी का स्तर घट गया है. दोनों प्लांट अपनी क्षमता से कम पानी की सप्लाई कर पा रहे हैं. इसकी वजह से दिल्ली के नॉर्थ, सेंट्रल और साउथ दिल्ली के कई इलाकों में पानी की सप्लाई कम प्रेशर से होगी.
बताया जा रहा है कि यमुना नदी में पानी कम हो गया है. वजीराबाद बैराज में यमुना तालाब सामान्य स्तर 674.50 फीट है, जबकि वर्तमान में यह 671.70 फीट पर पहुंच गया है. इसकी वजह से वजीराबाद और चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के जल उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है.
क्षमता से कम काम कर रहे हैं प्लांट
दोनों संयंत्र कम दक्षता से चल रहे हैं. वजीराबाद प्लांट 60 फीसदी और चंद्रावल वाटर प्लांट 75 फीसदी क्षमता पर काम कर रहे हैं. इसलिए यमुना नदी में पर्याप्त पानी आने तक वजीराबाद डब्ल्यूटीपी से कम दबाव पर पानी की आपूर्ति उपलब्ध होगी.
इन इलाकों में रहेगी पानी की कमी
इसकी वजह से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में सिविल लाइंस, हिंदू राव अस्पताल और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं. इसके साथ ही कमला नगर, शक्ति नगर और आसपास के क्षेत्र, करोल बाग, पहाड़ गंज और एनडीएमसी क्षेत्र, पुराना और नया राजिंदर नगर, पटेल नगर (पूर्व और पश्चिम), बलजीत नगर, प्रेम नगर, इंद्रपुरी और आसपास के क्षेत्र पानी की किल्लत से जूझेंगे.
इसके अलावा कालकाजी, गोविंदपुरी, तुगलकाबाद, संगम विहार, अम्बेडकरनगर, प्रह्लादपुर और आसपास के क्षेत्र, रामलीला मैदान, दिल्ली गेट, सुभाष पार्क, मॉडल टाउन, गुलाबी बाग, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, मूलचंद, दक्षिण विस्तार, ग्रेटर कैलाश, बुराड़ी और आस-पास के क्षेत्र, छावनी क्षेत्र और दक्षिण दिल्ली के हिस्से में पानी की किल्लत रहेगी.
7 को है होलिका दहन और 8 मार्च को होली
दिल्लीवासियों के सामने यह परेशानी उस वक्त आ रही है, जब होली का त्योहार आ गया है. मंगलवार 7 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा. पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 06 मार्च को शाम 04:17 मिनट पर होगी और इसका समापन 07 मार्च को शाम 06:09 मिनट पर होगा. होलिका दहन का शुभ मुहूर्त 07 मार्च, मंगलवार को शाम 06:24 मिनट से रात 08:51 मिनट तक रहेगा. वहीं 8 मार्च को धुलेंडी यानी रंग खेला जाना है. ऐसे में पानी की कमी की वजह से लोगों की चिंता बढ़ना लाजिमी है.
कुमार कुणाल