कूड़े के पहाड़ का हिस्सा गिरने से टूटी गाजीपुर मंडी की दीवार, अब घटनास्थल पर पहुंचकर बीजेपी को घेरेंगे सिसोदिया

दिल्ली में MCD चुनावों से पहले पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर लैंडफिल साइट में लापरवाही का मामला सामने आया है. ऐसे में आम आदमी पार्टी इस कूड़े के पहाड़ को लेकर भाजपा को घेरने में लगी है. दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी बुधवार को उस साइट पर पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि वे वहां पहुंचकर भाजपा के कुकर्मों को उजाग करेंगे.

Advertisement
गाजीपुर में कूड़े के ढेर को लेकर आप के निशाने पर BJP गाजीपुर में कूड़े के ढेर को लेकर आप के निशाने पर BJP

पंकज जैन

  • नई दिल्ली,
  • 08 नवंबर 2022,
  • अपडेटेड 11:36 PM IST

दिल्ली में MCD चुनावों से पहले सियासी पारा गरमाया हुआ है. चुनावों से पहले पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर लैंडफिल साइट में लापरवाही का मामला सामने आया है. इस पर तमाम राजनीतिक दल बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं. आम आदमी पार्टी इस कूड़े के पहाड़ को लेकर भाजपा को घेरने में लगी है. दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि MCD चुनाव से पहले भाजपा कूड़े के पहाड़ को फैलाकर यह दिखाने की कोशिश कर रही थी कि उसने पहाड़ कम कर दिया है. लेकिन इनके कुकर्मों की वजह से गाजीपुर मंडी की दीवार गिर गई. 

Advertisement

सिसोदिया ने कहा कि बुधवार सुबह घटना स्थल से ही इनके कुकर्मों का खुलासा करूंगा. बता दें कि गाजीपुर में भाजपा के कूड़े के पहाड़ का एक हिस्सा फिर गिर गया है. इसमें कई लोगों की जान बाल-बाल बची है.

आप नेता ने भाजपा पर साधा निशाना

ऐसे में आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा गाजीपुर लैंडफिल में कचरा फैलाने की कोशिश कर रही है; कूड़े के पहाड़ का बड़ा हिस्सा आसपास के निवासियों के घरों पर गिरा है. कुछ समय पहले इसी तरह की घटना में कुछ लोग घायल हुए थे, तीन लोगों की जान भी गई थी. बीजेपी शासित एमसीडी के तीन कूड़े के पहाड़ हर दिन आग पकड़ते रहते हैं; आग कई दिनों तक नहीं बुझती, जिससे आसपास रहने वाले लोगों का सांस लेना मुश्किल हो जाता है.

Advertisement

'16 नए कचरे के पहाड़ बनाने की कोशिश में है भाजपा'

दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक बार फिर मांग करती है कि ऐसी घटनाओं की जांच हो और सभी दोषियों को जेल में डाला जाए. चूंकि तीनों कचरे के पहाड़ों को और ऊंचा नहीं किया जा सकता, इसलिए बीजेपी दिल्लीभर में 16 नए कचरे के पहाड़ बनाने की तैयारी कर रही है. दिल्लीवासी एमसीडी चुनाव में भाजपा की सारी जमानत जब्त कराकर कभी भी भाजपा के इरादों को पूरा नहीं होने देंगे.

केजरीवाल ने किया था गाजीपुर का दौरा

इससे पहले अक्टूबर महीने के अंत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी गाजीपुर लैंडफिल साइट का दौरा करने पहुंचे थे. इस दौरान सीएम केजरीवाल ने कहा था कि 15 साल में बीजेपी ने दिल्ली को कूड़े के 3 पहाड़ दिए हैं. सीएम ने चुनौती दी कि बीजेपी बताए कि एमसीडी में पिछले 15 साल में क्या काम किया?

भाजपा ने किया ये दावा

बता दें कि कुछ महीनों पहले ही भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने दावा किया था कि ये कूड़े का पहाड़ 40 फीट छोटा हो गया है. तब से ही आम आदमी पार्टी इसे छलावा बता रही है. अब चूंकि एमसीडी चुनाव नजदीक हैं तो इसलिए भी इस साइट को लेकर जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है.  

Advertisement

MCD चुनाव के लिए तैयार दिल्ली! 

गौरतलब है कि 4 नवबंर को इलेक्शन कमीशन ने दिल्ली नगर निगम के चुनाव का ऐलान किया था. दिल्ली में नगर निगम के चुनाव के लिए फिलहाल प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. नामांकन प्रक्रिया 7 नवंबर से 14 नवंबर तक चलेगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 16 नवंबर को की जाएगी. 19 नवंबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं. नगर निगम चुनाव के लिए 4 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 7 दिसंबर को होगी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »