दिवाली से पहले दिल्ली में मिलावटखोरों पर एक्शन, 7000 किलो नकली खोया जब्त

दिल्ली के मोरी गेट स्थित खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया. कार्रवाई के दौरान 44 निगरानी नमूनों में से 35 प्रारंभिक जांच में फेल पाए गए, जबकि दो नमूने विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.

Advertisement
मोरी गेट खोया मंडी में 7,000 किलो अस्वच्छ खोया जब्त कर नष्ट किया गया.(Photo-@gupta_rekha) मोरी गेट खोया मंडी में 7,000 किलो अस्वच्छ खोया जब्त कर नष्ट किया गया.(Photo-@gupta_rekha)

सुशांत मेहरा

  • नई दिल्ली,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:32 PM IST

दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए दिल्ली में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सख्त निर्देशों पर मंगलवार, 3 नवंबर को दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट स्थित खोया मंडी में बड़ी कार्रवाई की. टीम ने यहां 7,000 किलो अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद मौके पर पहुंचीं और पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में संदिग्ध खाद्य सामग्री बाजार के जरिए आम लोगों तक नहीं पहुंचनी चाहिए. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी करने वाले चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि त्योहारों की खुशियों में जहर घोलने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने आजतक से बातचीत में बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि दिल्ली के मोरी गेट में बड़े स्तर पर नकली मावा लाया जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह के मुताबिक, उन्होंने सोमवार देर शाम फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों के साथ कार्रवाई की योजना बनाई थी. इसके बाद मंगलवार सुबह दिल्ली के मोरी गेट इलाके में छापेमारी की गई. उन्होंने कहा, 'जब तक मैं दिल्ली का स्वास्थ्य मंत्री हूं, तब तक कोई भी नकली मावा दिल्ली में बिकने नहीं देंगे.'

Advertisement

44 में से 35 नमूने प्रारंभिक जांच में फेल

मोरी गेट स्थित खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की यह चौथी बड़ी कार्रवाई है. अभियान के दौरान विभाग की टीम ने कुल 44 निगरानी नमूने लिए. इन नमूनों की मौके पर ही 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' मोबाइल टेस्टिंग सुविधा के जरिए प्रारंभिक जांच की गई. जांच में 44 में से 35 नमूने फेल पाए गए. इसके अलावा दो अन्य नमूने भी लिए गए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. मौके पर हुई प्रारंभिक जांच में संदिग्ध सामग्री में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पदार्थों से संबंधित संकेत मिले हैं. इनकी वास्तविक प्रकृति और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है.

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य खराब और संदिग्ध खाद्य सामग्री को बाजार के जरिए आम लोगों तक पहुंचने से रोकना और त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है. विभाग की टीम ने मौके पर ही संदिग्ध खोये को जब्त कर नष्ट कराया, ताकि इसका इस्तेमाल खाद्य पदार्थों के निर्माण या बिक्री में नहीं किया जा सके.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की पीठ थपथपाई, कार्रवाई जारी रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग की पूरी टीम को कार्रवाई के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सतर्कता, मेहनत और समय पर की गई कार्रवाई से मिलावट जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलती है.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और छापेमारी जारी रखी जाए. उन्होंने कहा कि दीपावली की खुशियों में मिलावट करने वालों के लिए दिल्ली में कोई जगह नहीं है. जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोपरि है और मिलावटखोरों के खिलाफ दिल्ली सरकार की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल मिलावटी खाद्य पदार्थों को पकड़ना नहीं, बल्कि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना भी है. खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की पहचान, नमूनों की जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »