दिल्ली के सदर बाजार के व्यापारियों ने इंडिया ब्लॉक की 1 नवंबर को प्रस्तावित रामलीला मैदान रैली पर नाराजगी जताई है. व्यापारियों ने पोस्टर लेकर राहुल गांधी से रैली स्थगित करने की अपील की है. इससे पहले कनॉट प्लेस और पहाड़गंज के व्यापारी संगठन और कैट भी त्योहारी सीजन तक रैली रोकने की अपील कर चुके हैं.
सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट हुए. संगठन ने कहा कि मोहब्बत की दुकान के नाम पर उनकी दुकान खराब न की जाए. इसी आशय के पोस्टर लेकर व्यापारियों ने राहुल गांधी से रैली टालने की गुहार लगाई. व्यापारी नेता दीपक मित्तल, वरिंदर आर्य, राकेश राजपाल, दीपक निम्भल और राजपाल शाहिद ने भी अपनी चिंता रखी.
नेताओं ने कहा कि दिवाली सहित दूसरे त्योहारों के आसपास का समय कारोबार के लिहाज से बहुत अहम होता है. इस दौरान दिल्ली के बाजारों में बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी करने पहुंचते हैं. ऐसे में बड़ी रैली की वजह से यातायात प्रभावित होने, जाम लगने और ग्राहकों को परेशानी होने का डर रहता है. इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: सदर बाजार में कितने में मिलती है दिवाली डेकोरेशन वाली लाइट
परमजीत सिंह पम्मा ने राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा, "मोहब्बत का संदेश दीजिए, लेकिन व्यापारियों की रोजी-रोटी और कारोबार की कीमत पर नहीं." उन्होंने कहा कि व्यापारी पूरे साल त्योहारों का इंतजार करते हैं. ऐसे में ग्राहकों की आवाजाही और सुचारु यातायात जरूरी है, वरना बाजार तक पहुंचने में दिक्कत से कारोबार पर बुरा असर पड़ सकता है.
पम्मा ने साफ किया कि व्यापारी किसी के कार्यक्रम का विरोध नहीं कर रहे. वे बस चाहते हैं कि बाजारों में कामकाज सुचारु चलता रहे और आम लोगों को परेशानी न हो. उन्होंने राहुल गांधी से व्यापारियों की भावनाओं और त्योहारों के महत्व को देखते हुए 1 नवंबर की रैली स्थगित करने पर विचार करने का आग्रह किया.
पम्मा ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और कार्यक्रम करने का हक है, लेकिन व्यापारियों की आजीविका, आम नागरिकों की सुविधा और बाजारों की व्यवस्था का ध्यान रखना भी जरूरी है. व्यापारियों ने एक स्वर में अपील की कि त्योहारों के इस अहम समय में ऐसा कदम न उठाया जाए, जिससे ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़े.
संजय शर्मा