राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक नस्ल भेदी टिप्पणी का मामला सामने आया. इसको लेकर सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ. पीड़ित युवतियों ने मामले की शिकायत की. अब पुलिस ने आरोपी कपल के खिलाफ केस दर्ज कर एक्शन लिया है. इस केस में आरोपी महिला रूबी का कहना है कि पूरे मामले को एकतरफा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है, जबकि ऐसा नहीं है.
हालांकि कुछ बातें गुस्से में मैंने कहीं, जो गलत हैं. उसके लिए मैं माफी मांगती हूं. पूरा मामला एक डेढ़ घंटे के है, जिसको 4 मिनट में दिखाकर एकतरफा किया जा रहा है. रिएक्शन को दिखाया जा रहा है और एक्शन को छुपाया जा रहा है.
गिरफ्तारी से पहले रूबी जैन ने कहा कि घटना के लिए मैं माफी मांगती हूं, लेकिन पूरा मामला नहीं बताया जा रहा है. 40 मिनट की घटना को 4 मिनट के वीडियो में बताया जा रहा है. पूरा झगड़ा एक डेढ़ घंटे का है. उन्होंने मुझे और मेरे पति को भद्दी-भद्दी गालियां दीं.
उन्होंने मुझे बोला कि बूढ़े के साथ रहती है, तब मैंने गुस्से में कुछ बातें कहीं थीं. गुस्से में जो कुछ भी गलत शब्द निकला, वह गलत है, उसके लिए मैं माफी मांगती हूं. यह पूरे नॉर्थ ईस्ट का मामला नहीं है. बस दो पड़ोसियों के बीच का झगड़ा है. मेरे एसी पर बड़े-बड़े पत्थर गिरे थे.
यह भी पढ़ें: नॉर्थ ईस्ट की लड़कियों पर नस्लीय कमेंट करने वाली महिला और उसका पति गिरफ्तार... दिल्ली पुलिस ने लिया एक्शन
नस्लभेदी टिप्पणी मामले को लेकर रूबी जैन ने कहा कि पूरा मामला जो बताया जा रहा है, वह नहीं है. इसमें कई बातें हैं. सिर्फ डस्ट नहीं गिरा था, बल्कि बड़े-बड़े पत्थर हमारे एसी पर आकर गिरे थे. इस संबंध में मैंने पहले पुलिस को शिकायत दी है. पुलिस भी आई थी. इस दौरान यह सब हुआ. हालांकि इस दौरान गुस्से में मुझसे जो शब्द इस्तेमाल हुए हैं, उनके के लिए हम सब से माफी मांगते हैं. मैं टीबी की पेशेंट हूं. मुझे दिक्कत है.
'हम लोग नॉर्थ ईस्ट के खिलाफ नहीं हैं'
रूबी का कहना था कि उस दिन जब झगड़ा हुआ तो मैंने अपने पति को कमरे में बंद कर दिया, ताकि आगे बात न बढ़े. साजिश के तहत जो उन लोगों ने बोला, उसको नहीं रिकॉर्ड किया गया. जो हमने रिएक्शन में बोला, वह रिकॉर्ड करके वायरल किया गया. यह सब साजिश है. लेकिन गुस्से में इस दौरान कुछ गलत बात निकली, उसके लिए हम दोनों पति-पत्नी माफी मांगते हैं. हम लोग नॉर्थ ईस्ट के खिलाफ नहीं हैं.
'हमने कई बार नॉर्थ ईस्ट के लोगों की मदद की है'
रूबी ने कहा कि हमने कई बार नॉर्थ ईस्ट के लोगों की मदद की है. उस दिन ऊपर जो कोई भी रह रहा होता, हम उससे विरोध जताते, क्योंकि बड़े-बड़े पत्थर गिरे थे, लेकिन इसको नॉर्थ ईस्ट से जोड़कर दिखाया जा रहा है. जबकि पूरे मामले में पुलिस के पास पहले हम लोग गए. हमारी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही है.
'पॉलिटिकल दबाव में हमारे खिलाफ एक्शन हो रहा'
आरोपी महिला ने कहा कि इन लड़कियों ने हमसे यहां तक कहा कि अगर भैया पुलिस के पास नहीं गए होते तो हम लोग भी शिकायत नहीं करते. इसकी रिकॉर्डिंग भी हमारे पास है. पूरे मामले में पॉलिटिकल दबाव के कारण हमारे खिलाफ एक्शन हो रहा है. इस पूरे मामले में पुलिस ने रूबी जैन को गिरफ्तार कर लिया है. इसी के साथ रूबी के पति की भी गिरफ्तारी हुई है. गिरफ्तारी की पुष्टि दक्षिण जिले के डीसीपी अंकित चौहान ने की है.
आशुतोष कुमार