आशा कार्यकर्ताओं का भत्ता दोगुना, नवजातों की 63 बीमारियों की होगी फ्री स्क्रीनिंग... दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान

दिल्ली की 6,690 आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन भत्ते को दोगुना कर दिया गया है. अब उन्हें हर महीने 6 हजार रुपये मिलेंगे. वहीं, नवजात शिशुओं के लिए ‘मिशन अनमोल’ के विस्तार की भी शुरुआत की गई. इस योजना के तहत जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर नवजात शिशुओं की 63 जन्मजात बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी.

Advertisement
 (Photo-File) (Photo-File)

सुशांत मेहरा

  • नई दिल्ली,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:03 AM IST

दिल्ली में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने कई बड़े कदमों का ऐलान किया है. त्यागराज स्टेडियम में आयोजित आशा सम्मेलन-2026 में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कई स्वास्थ्य योजनाओं की शुरुआत की.

सबसे बड़ा फैसला 6,690 आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन भत्ते को 3 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करना रहा. इसके साथ ही नवजात शिशुओं में 63 जन्मजात बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग, जीबी पंत अस्पताल में SOTTO भवन और निजी नर्सिंग होम के लिए डिजिटल मैनेजमेंट पोर्टल की भी शुरुआत की गई.

Advertisement

आशा कार्यकर्ताओं का भत्ता हुआ दोगुना

दिल्ली सरकार ने राजधानी की 6,690 आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन भत्ते को दोगुना कर दिया है. अब उन्हें हर महीने 3 हजार रुपये की जगह 6 हजार रुपये मिलेंगे. सरकार ने इसे आशा कार्यकर्ताओं के योगदान और लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है. सरकार के मुताबिक, आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं.

कोरोना महामारी के दौरान भी इन कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था में अहम भूमिका निभाई थी. सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जो आशा बहनें घर-घर जाकर परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता करती हैं, उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण की चिंता करना सरकार का दायित्व है. 

Advertisement

नवजात शिशुओं के लिए ‘मिशन अनमोल’ के विस्तार की भी शुरुआत की गई. इस योजना के तहत जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर नवजात शिशुओं की 63 जन्मजात बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी. 

इनमें गंभीर लेकिन उपचार योग्य आनुवंशिक, मेटाबॉलिक और जन्मजात विकारों की शुरुआती पहचान पर जोर दिया जाएगा. समय रहते बीमारी की पहचान होने से बच्चों को जल्द उपचार मिल सकेगा और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रभाव को कम किया जा सकेगा.

दिल्ली सरकार स्क्रीनिंग कवरेज को मौजूदा करीब 1.5 लाख नवजातों से बढ़ाकर 2.5 लाख नवजातों तक करने की दिशा में काम कर रही है. सरकार के मुताबिक अब तक 75 हजार से ज्यादा नवजातों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और 700 से अधिक बच्चों को समय पर इलाज उपलब्ध कराया गया है.

GB Pant में SOTTO के नए भवन का उद्घाटन

जी.बी. पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन यानी SOTTO के नए भवन का भी उद्घाटन किया गया. इसका मकसद दिल्ली में अंग और ऊतक दान व प्रत्यारोपण से जुड़ी गतिविधियों को बेहतर तरीके से समन्वित करना, जागरूकता बढ़ाना और संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करना है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की. उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं SOTTO पोर्टल के माध्यम से देहदान के लिए पंजीकरण कराया है. उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों तक अंगदान का संदेश पहुंचाएं और इच्छुक लोगों को इसकी प्रक्रिया की जानकारी दें.

Advertisement

निजी नर्सिंग होम का रजिस्ट्रेशन अब ऑनलाइन

दिल्ली सरकार ने निजी नर्सिंग होम के लिए नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल भी लॉन्च किया है. इस पोर्टल के जरिए निजी नर्सिंग होम के रजिस्ट्रेशन और रिन्यूअल की प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी. आवेदन, दस्तावेज जमा करने और आवेदन की स्थिति जानने जैसी प्रक्रियाओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी.

सरकार का दावा है कि डिजिटल सिस्टम से पूरी प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित होगी. साथ ही रिकॉर्ड मैनेजमेंट, निगरानी और प्रशासनिक प्रक्रिया को भी बेहतर किया जा सकेगा. 

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और सशक्त दिल्ली की आधारशिला हैं. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक तकनीक, प्रभावी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों और मानवीय दृष्टिकोण के जरिए दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना है.

उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य व्यवस्था की अग्रिम पंक्ति का हिस्सा बताते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है. उपराज्यपाल ने आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते को 3 हजार से 6 हजार रुपये किए जाने को उनके योगदान के प्रति सम्मान बताया. साथ ही मिशन अनमोल और SOTTO भवन को नवजात स्वास्थ्य और अंगदान-प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया.

Advertisement

स्वास्थ्य मंत्री बोले- सिर्फ घोषणा नहीं, परिणाम पर फोकस

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ दिल्ली वासियों तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन की राशि बढ़ाने का मुद्दा करीब एक दशक से लंबित था. सरकार ने इसे पूरा कर आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान दिया है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मिशन अनमोल के जरिए नवजातों की 63 तरह की स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान होगी, जबकि SOTTO के जरिए अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को सुलभ, आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराना है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »