छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में चल रहे माड़ बचाओ अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के कई बड़े डम्प का खुलासा हुआ है और उन्हें ध्वस्त कर दिया गया. इस अभियान में भारी मात्रा में हथियार, कैश और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने 1.01 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद की है. इसके साथ ही AK-47, SLR, इंसास और .303 रायफल जैसे घातक हथियार भी जब्त किए गए हैं. इन हथियारों के साथ बड़ी मात्रा में कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिससे नक्सलियों की तैयारियों का अंदाजा लगाया जा रहा है.
इसके अलावा BGL सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, वॉकी-टॉकी, रेडियो सेट, नक्सल वर्दी, बैटरी और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी सुरक्षा बलों को मिली है. अधिकारियों के अनुसार ये सामान नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखा गया था, जिसे अब बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार पिछले एक महीने से जिला नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसएफ के संयुक्त दलों द्वारा सुदूर और संवेदनशील इलाकों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान एरिया डोमिनेशन के जरिए कई संदिग्ध स्थानों की जांच की गई और नक्सलियों के छिपाए गए डम्प का पता लगाया गया.
सर्चिंग ऑपरेशन में जंगलों के अंदर मिले कई संदिग्ध ठिकाने
इस कार्रवाई में ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र की भी अहम भूमिका रही. पुलिस ने बताया कि इसी जानकारी के आधार पर अलग-अलग जगहों पर छिपाए गए हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए. नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि यह सफलता सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के सहयोग से संभव हो पाई है.
ग्रामीणों की सूचना और खुफिया तंत्र से खुला नक्सलियों का नेटवर्क
सुरक्षा बलों का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की हथियार सप्लाई, लॉजिस्टिक नेटवर्क और आईईडी बनाने की क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचा है. कई पुराने नक्सली ठिकानों को भी इस दौरान निशाना बनाया गया है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि जंगलों या आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके. नारायणपुर में चल रहा यह अभियान अब क्षेत्र में शांति, विश्वास और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
इमरान खान