नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर के 90 गांवों में नई भोर... आजादी के बाद पहली बार कर्रेगुट्टा पर लहराया तिरंगा, 600 KM की बाइक यात्रा कर पहुंचे छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा

छत्तीसगढ़ के कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर आजादी के बाद पहली बार तिरंगा फहराया गया है, जो कभी नक्सलियों का गढ़ मानी जाती थी. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने बाइक से यहां पहुंचकर झंडा फहराया. सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर के 90 गांवों में भी 80 साल बाद तिरंगा लहराया गया.

Advertisement
 नक्सलवाद के गढ़ रहे कर्रेगुट्टा में पहली बार फहराया तिरंगा (Photo: ITG) नक्सलवाद के गढ़ रहे कर्रेगुट्टा में पहली बार फहराया तिरंगा (Photo: ITG)

धर्मेन्द्र सिंह

  • सुकमा, छत्तीसगढ़,
  • 15 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:18 AM IST

छत्तीसगढ़ के कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर आजादी के बाद पहली बार तिरंगा लहराया गया है. यह पहाड़ी कभी नक्सलियों का सबसे मजबूत गढ़ मानी जाती थी. सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर जिलों के करीब 90 गांवों में भी 80 साल में पहली बार तिरंगा फहराया गया. छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप बाइक से करीगुट्टा पहुंचे और वहां झंडा फहराया. यह पूरा कार्यक्रम बस्तर तिरंगा यात्रा के तहत हुआ, जो तीन दिन तक चली.

Advertisement

बस्तर में नक्सलवाद खत्म होने के बाद लोगों के मन से डर और भ्रम दूर करने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तीन दिन की तिरंगा यात्रा पर निकले थे. यात्रा का आखिरी दिन बीजापुर से शुरू हुआ और आवापल्ली, गलगम, उसूर, नम्बी, ताड़पाला होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर खत्म हुआ. मंत्री द्वय ने तीन दिनों में नारायणपुर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर, इन पांच जिलों में करीब 600 किलोमीटर की दूरी बाइक से तय की.

कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर जवानों से मिलकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप ने शहीदों की याद में पेड़ लगाए. इसके बाद स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर झंडा फहराया गया. इस मौके पर विजय शर्मा ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि वे नक्सलियों के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले गढ़ में जवानों के साथ खड़े होकर झंडा फहरा रहे हैं. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के 141 पुलिस जवानों को विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा पदक देकर सम्मानित किया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: तिरंगे की रोशनी से जगमगा उठा इंडिया गेट, जम्मू से मुंबई तक बिखरे राष्ट्रभक्ति के रंग, PHOTOS

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे बिना किसी डर के इस पहाड़ी पर आ पाएंगे, लेकिन आज यह मुमकिन हुआ है. सांसद महेश कश्यप ने इसे ऐतिहासिक पल बताते हुए कहा कि आजादी के 79 साल बाद पहली बार इन इलाकों में तिरंगा पूरे सम्मान के साथ लहरा रहा है. यात्रा के दौरान मंत्रियों और सांसद ने रास्ते में पड़ने वाले सभी गांवों में शहीदों की याद में पौधे लगाए और शहीदों की मिट्टी एकत्र की. उन्होंने शहीदों के परिजनों और ग्रामीणों से भी मुलाकात की.

यात्रा के दूसरे दिन देर रात मंत्री टेकलगुडेम पहुंचे थे, जो कभी नक्सल प्रभावित इलाका था. यहां तक कि कुख्यात नक्सली हिड़मा के गांव पूवर्ती से भी लोग स्वागत के लिए पहुंचे थे. भारी बारिश के बावजूद सिलगेर, ताड़मेटला, तर्रेम और जगरगुंडा के ग्रामीण देर शाम तक मंत्रियों के स्वागत के लिए मौजूद रहे. इस मौके पर विधायक चैतराम अटामी और पूर्व विधायक महेश गागड़ा भी मौजूद रहे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »