ISI से कॉन्टेक्ट, टारगेट किलिंग की साजिश! किरायेदार वैरिफिकेशन में पकड़ा गया पंजाब का सेवक सिंह

जांजगीर-चांपा जिले में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान एक युवक की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल से विदेशी नंबरों से संपर्क और संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों के संकेत मिले हैं. मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक पड़ताल कराई जा रही है.

Advertisement
ऐसे पकड़ा गया पंजाब का सेवक सिंह, isi से था संपर्क (Photo: itg) ऐसे पकड़ा गया पंजाब का सेवक सिंह, isi से था संपर्क (Photo: itg)

दुर्गेश यादव

  • जांजगीर-चांपा ,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:03 AM IST

छत्तीसगढ़ में जांजगीर-चांपा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिलने का दावा किया गया है. अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार वैरिफिकेशन के दौरान पुलिस ने पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी पर पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क से संपर्क और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप है. मामले की जांच जारी है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 साल के सेवक सिंह निवासी जिला तरन तारण, पंजाब के रूप में हुई है. आरोपी अकलतरा के मिनीमाता चौक क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था. किरायेदार सत्यापन के दौरान पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं.

Advertisement

विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप चैट और वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग

पूछताछ और मोबाइल जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर विदेशी नंबरों से संपर्क, व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है. पुलिस का दावा है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और उसके द्वारा संवेदनशील जानकारियां साझा करने के संकेत मिले हैं.  जांच एजेंसियों के अनुसार सेवक के मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था या नहीं. हथियार उपलब्ध कराने और संभावित टारगेट आधारित हमले की आशंका की भी जांच की जा रही है.

जांजगीर चांपा जिले के एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है.गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है. आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत धारा 152 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

किरायेदार वैरिफिकेशन के दौरान हुआ खुलासा

पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित राजीव केडिया के मकान में अन्य प्रदेशों के कई व्यक्ति किराए पर रह रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किरायेदारों का सत्यापन किया. इसी दौरान सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वयं को पाकिस्तान सीमा क्षेत्र के समीप का निवासी बताया, किंतु उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए. संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब तथा अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिलने का दावा किया गया.

ISI समर्थित नेटवर्क से संपर्क का आरोप

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित गैंग से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में था. जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न माध्यमों जैसे व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार संपर्क में था. आरोपी द्वारा छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, लोकेशन, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा किए जाने के संकेत मिले हैं.

हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की थी साजिश

पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कथित रूप से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं. मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर फोरेंसिक जांच हेतु भेजा गया है, ताकि कॉन्टेक्ट और एक्टिविटीज की विस्तृत पड़ताल की जा सके. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी. हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसे कार्य सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि इन तथ्यों की पुष्टि  फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
 
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है. फिलहाल पूरे नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए मामले की गहन जांच जारी है. पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न डिजिटल साक्ष्यों और विदेशी संपर्कों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई हैं. प्रकरण विवेचनाधीन है तथा जांच के आधार पर आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »