बिहार में चमकी बुखार का कहर, काल के गाल में समाए 14 मासूम, हाई अलर्ट

उत्तर बिहार का मुजफ्फरपुर जिला इन दिनों एक खास बीमारी चमकी बुखार की चपेट में है. जिले में खतरनाक रूप धारण कर चुकी इस बीमारी से अब तक 14 मासूम काल के गाल में समा चुके हैं, जबकि 38 बच्चों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है.

Advertisement
अस्पताल की एक तस्वीर (फाइल फोटो) अस्पताल की एक तस्वीर (फाइल फोटो)

बिकेश तिवारी

  • नई दिल्ली,
  • 09 जून 2019,
  • अपडेटेड 9:24 AM IST

उत्तर बिहार का मुजफ्फरपुर जिला एक खास बीमारी AES (चमकी बुखार) की चपेट में है. जिले में खतरनाक रूप धारण कर चुकी इस बीमारी से अब तक 14 मासूम काल के गाल में समा चुके हैं, जबकि 38 बच्चों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में 5 बच्चों की मौत हुई है. चिकित्सकों ने परिजनों के बच्चों का विशेष ख्याल रखने की अपील करते हुए दिन में 2 से 3 बार स्नान कराने की सलाह दी है.

Advertisement

मुजफ्फरपुर के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक सुनील शाही ने कहा कि अस्पताल में भर्ती 38 बच्चों में इस बीमारी के लक्षण पाए गए हैं. वहीं इन लक्षण वाले 14 बच्चों की मौत हो चुकी है. इस बीमारी के संबंध में शिशु रोग विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर गोपाल सहनी ने बताया कि इस बीमारी से ग्रसित बच्चों को पहले तेज बुखार और शरीर में ऐंठन होती है और फिर वे बेहोश हो जाते हैं. बीमारी के कारणों को बताते हुए डॉ सहनी ने कहा कि इसका कारण अत्यधिक गर्मी के साथ-साथ ह्यूमिडिटी का लगातार 50 फीसदी से अधिक रहना है. उन्होंने कहा कि इस बीमारी का अटैक अधिकतर सुबह के समय ही होता है. डॉक्टर सहनी ने कहा कि इस जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए परिजनों को अपने बच्चों पर खास ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने सलाह दी कि बच्चों में पानी की कमी न होने दें. डॉक्टर गोपाल ने कहा कि बच्चे को भूखा कभी न छोड़ें.

Advertisement

सिविल सर्जन एसपी सिंह ने कहा कि अधिकांश बच्चों में हाइपोग्लाइसीमिया यानी अचानक शुगर की कमी की पुष्टि हो रही है. उन्होंने कहा कि चमकी बुखार के कहर को देखते हुए जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. चमकी बुखार से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था की गई है. उन्होंने लोगों से बच्चों को गर्मी से बचाने के साथ ही समय-समय पर तरल पदार्थों का सेवन कराते रहने की अपील की है.

चपेट में आ रहे 15 वर्ष तक के बच्चे

इस बीमारी के शिकार आम तौर पर गरीब परिवारों के बच्चे ही हो रहे हैं. 15 वर्ष तक की उम्र के बच्चे इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं और मृतक बच्चों में से अधिकांश की आयु 1 से 7 वर्ष के बीच है. गौरतलब है कि पूर्व के वर्षो में दिल्ली के नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के विशेषज्ञों की टीम और पुणे के नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) की टीम भी यहां इस बीमारी का अध्ययन कर चुकी है, लेकिन इन दोनों संस्थाओं ने इस बीमारी का पुख्ता निदान नहीं बताया है. लिहाजा प्रत्येक वर्ष दर्जनों मासूमों की जान जा रही है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »