खाना खाने के बाद पेट फूलना, भारीपन महसूस होना या गैस बनना आम समस्या है. ज्यादा खाने या तला भुना खाने से इस तरह की समस्या हो जाती है. अधिकतर मामलों में लोग इसको अपच की समस्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, तो वहीं कुछ लोग गैस की दवा खा लेते हैं, लेकिन पेट फूलना सिर्फ गैस की समस्या नहीं है. डॉक्टरों का कहना है कि ये लिवर में किसी बीमारी का लक्षण भी हो सकती है.
लिवर खराब होने पर पेट फूलने की समस्या हो सकती है
दिल्ली के राजीव गांधी हॉस्पिटल में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अजित जैन ने इस बारे में बताया है. डॉ जैन कहते हैं कि लिवर की किसी भी बीमारी में पेट फूलने की समस्या हो सकती है. कुछ मामलों में लिवर की गंभीर बीमारी एसाइटिस में पेट के अंदर फ्लुइड जमा हो सकता है. इसमें पेट धीरे-धीरे बड़ा होने लगता है और भारीपन महसूस हो सकता है. ध्यान देने वाली बात यह है कि शुरुआती फैटी लिवर में आमतौर पर पेट में पानी नहीं भरता. एसाइटिस लिवर की गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, लेकिन इसके दूसरे कारण भी होते हैं.
यह भी पढ़ें: फैटी लिवर की बीमारी हार्ट अटैक का बन सकती है कारण, ये लक्षण दिखें तो डॉक्टर के पास जाएं
कैसे पता चले कि गैस की समस्या है या लिवर की
डॉ अजीत कहते हैं कि गैस या अपच होने पर पेट फूलने की परेशानी अधिकतर मामलों में बस खाने के बाद ही होती है. गैस पास होने के बाद ये ठीक हो जाता है, लेकिन अगर लिवर की बीमारी जैसे अगर एसाइटिस है तो खाने के बाद और खाली पेट भी होते हुए भी पेट फूलने की समस्या हो सकती है. इसके साथ पैरों और टखनों में सूजन, भूख कम लगना या सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
किन लोगों को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए?
लंबे समय तक अधिक शराब पीने वाले, हेपेटाइटिस बी या सी से पीड़ित लोग और लिवर की पुरानी बीमारी वाले मरीजों को ऐसे लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए. मोटापा और डायबिटीज भी फैटी लिवर का खतरा बढ़ाते हैं.अगर पेट लगातार बढ़ रहा है या पैरों में सूजन आ रही है.
यह भी पढ़ें: Fatty Liver Stages: चुपके-चुपके बढ़ती है फैटी लिवर की बीमारी! जानिए किस स्टेज पर थमने लगती है जिंदगी
लिवर की बीमारियों से कैसे बचें
लिवर की बीमारियों से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि आप खानपान का ध्यान रखें. अपनी डाइट में मैदा, चीनी और नमक को कम करें. खानपान में हरी सब्जियां और फलों को शामिल करें. रोज कम से कम आधा घंटा एक्सरसाइज करें और शराब का सेवन न करें.
आजतक हेल्थ डेस्क