पेट में ज्यादा गैस बने या फिर एसिडिटी हो, कुछ लोग तुरंत गैस की दवा (एंटासिड) खा लेते हैं. कुछ तो इन दवाओं को हमेशा अपने साथ ही रखते हैं. हल्की सी परेशानी होने पर खा लेते हैं. लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि यह आदत गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है. एम्स के एक्सपर्ट का कहना है कि अब लोग बिना डॉक्टर की सलाह के इन दवाओं को खा रहे हैं. खपत पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है, लेकिन यह सेहत के लिहाज से ठीक नहीं है.
दिल्ली AIIMS में Department of Gastroenterology and Human Nutrition विभाग में प्रोफेसर डॉ. शालीमार ने इस बारे में बताया है. डॉ. शालीमार के अनुसार, कई मरीज उनके पास ऐसे आते हैं जिन्होंने लंबे समय तक या जरूरत से ज्यादा गैस और एसिडिटी की दवाओं का सेवन किया. ऐसे मामलों में दवाओं की ओवरडोज के कारण मरीजों में कई स्वास्थ्य समस्याएं देखने को मिलती हैं. इसलिए किसी भी दवा को सामान्य समझकर बार-बार लेना सही नहीं है. बार- बार इनको खाने से सेहत खराब होती ही है. इससे कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने का रिस्क होता है.
हड्डियां कमजोर होने का भी रहता है रिस्क
मेडिकल साइंस के अनुसार, लंबे समय तक एंटासिड दवाओं का सेवन करने से शरीर में कैल्शियम और कुछ जरूरी पोषक तत्वों के अवशोषण पर असर पड़ सकता है. इसका नतीजा यह हो सकता है कि हड्डियां धीरे-धीरे कमजोर होने लग जाती है. इससे हड्डियों के आसानी से टूटने का रिस्क बढ़ जाता है. अगर किसी को पहले से ही हड्डियों से संबंधित समस्या है तो उनको रिस्क ज्यादा होता है.
निमोनिया जैसी समस्या का भी बढ़ सकता है खतरा
डॉ शालीमार के मुताबिक, लंबे समय तक कुछ एंटासिड दवाओं का इस्तेमाल करने वाले लोगों में लंग्स पर असर हो सकता है. इससे निमोनिया जैसी संक्रमण संबंधी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ सकता है. इसलिए इन दवाओं का इस्तेमाल केवल डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए. क्योंकि निमोनिया एक गंभीर संक्रमण है. अगर ये होता है तो मरीज की स्थिति काफी बिगड़ सकती है.
डॉ शालीमार कहते हैं कि गैस, अपच या एसिडिटी की समस्या से बचने के लिए दवाओं पर निर्भर होने की आदत जितना जल्दी छोड़ दें उतना अच्छा है. हां, अगर डॉक्टर ने इनको कुछ समय तक खाने की सलाह दी है तो कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन आप खुद से इनको लंबे समय तक खा रहे हैं तो ये सेहत के लिहाज से ठीक नहीं है.
गैस और एसिडिटी से बचने के लिए क्या करें
लंबे समय तक खाली पेट न रहें और थोड़ी-थोड़ी देर में हल्का भोजन करें
शराब के सेवन से बचें
फास्ट फूड, तला-भुना और ज्यादा मसालेदार भोजन कम करें
रोजाना कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज या तेज चाल से पैदल चलें
पर्याप्त पानी पिएं
अच्छी नींद लें
यह भी पढ़ें: दही या छाछ? एसिडिटी और कब्ज में क्या लेना ज्यादा बेहतर
डॉक्टर की सलाह है सबसे जरूरी
डॉ शालीमार कहते हैं कि अगर गैस, एसिडिटी या सीने में जलन की समस्या बार-बार हो रही है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज न करें. बार-बार गैस की गोली खाने की बजाय डॉक्टर से जांच कराएं ताकि बीमारी की सही वजह का पता चल सके और उसी के अनुसार इलाज किया जा सके. इन समस्याओं को हल्का मानकर नजरअंदाज न करें.
अभिषेक पांचाल