फैक्ट चेक: एमपी के रतलाम में मुहर्रम जुलूस हादसे के नाम पर वायरल हो रहा ये वीडियो कहीं और का है

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे रतलाम हादसे का बताकर शेयर किया जा रहा है. वीडियो में कुछ लोग किसी जुलूस में ‘या हुसैन-हुसैन’ के नारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो मध्य प्रदेश के रतलाम में 25 जून को हुए हादसे का है, जिसमें मुहर्रम जुलूस के दौरान एक ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया.
सच्चाई
ये वीडियो 2023 का है और उत्तर प्रदेश के अमरोहा का है, मध्य प्रदेश का नहीं.

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:18 PM IST

रतलाम, मध्य प्रदेश के हतनारा गांव में 25 जून की रात को मुहर्रम जुलूस के दौरान एक ताजिया बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 10 से ज्यादा लोग झुलस गए.

अब सोशल मीडिया पर इसी रतलाम हादसे का बताकर एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग किसी जुलूस में ‘या हुसैन-हुसैन’ के नारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं. कुछ पलों के बाद एक ताजिया, बिजली के  तार से टकरा जाता है, जिसके बाद लोग इधर-उधर भागने लगते हैं.

Advertisement

वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “मध्य प्रदेश का रतलाम, चार तो डायरेक्ट हूरों की बाहों में चले गए करीब दो दर्जन को वेटिंग मिला है.” इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है. कुछ न्यूज आउटलेट्स ने भी अपनी खबर में इसे रतलाम का बताकर इस्तेमाल कर लिया.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि रतलाम हादसे के नाम पर वायरल हो रहा ये वीडियो 2023 का है, और मध्य प्रदेश नहीं, उत्तर प्रदेश का है.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये ‘पत्रिका उत्तर प्रदेश’ के यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 29 जुलाई, 2023 को पोस्ट किया गया था. इससे एक बात तो यहीं साफ हो जाती है, कि ये वीडियो अभी का नहीं है. डिसक्रिप्शन के मुताबिक ये वीडियो उत्तर प्रदेश के अमरोहा का है.

Advertisement

वीडियो यहां देखा जा सकता है...

इस घटना से जुड़ी तमाम न्यूज रिपोर्ट्स मौजूद हैं. दैनिक भास्कर की 29 जुलाई, 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक यूपी के अमरोहा में एक मुहर्रम जुलूस निकाले जाने के दौरान एक ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया. इससे धमाके के साथ ताजिये में आग लग गई.

रिपोर्ट्स के मुताबिक अमरोहा हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे. झुलसने वालों में ज्यादातर बच्चे थे. इस तरह से साबित हो जाता है कि रतलाम मुहर्रम हादसे का बताकर वायरल हो रहा ये वीडियो न तो अभी का है, और न ही मध्य प्रदेश का है.

रतलाम हादसे में स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के लाइनमैन पर अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. लोगों का कहना था कि जुलूस के दौरान हाईटेंशन लाइन बंद नहीं की गई, जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हो गया. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई करते हुए लाइनमैन को निलंबित कर दिया गया. 

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »