असम में 29 जुलाई तक बाढ़ से मरने वालों की संख्या 75 पहुंच चुकी है. लाखों लोग इस बाढ़ से प्रभावित हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर कई ऐसे सनसनीखेज वीडियो वायरल हो रहे हैं जिन्हें असम की बाढ़ का बताया जा रहा है . एक लंबी इमारत के पानी में बह जाने का वीडियो और एक रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो असम का बताया जा रहा है. हालांकि, इन दोनों वीडियो का असम की बाढ़ से कोई लेना-देना नहीं है.
कश्मीर का है यह वीडियो
इस वीडियो में एक लंबी बिल्डिंग गिरकर पानी में बह जाती है. एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “2021 में गृह मंत्री अमित शाह का यह वादा आज 2026 में असम की डूबती हकीकत पर सबसे बड़ा सवाल है. तारीखें बदल गईं, पर असम का दर्द नहीं बदला. आखिर कब तक खोखले वादों की कीमत जनता अपनी जान देकर चुकाएगी?”
कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें यही वीडियो टाइम्स ऑफ इंडिया की 21 जुलाई की रिपोर्ट में मिला. खबर के मुताबिक, वीडियो जम्मू और कश्मीर के बडगाम जिले का है. भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पानी में बह गया था.
यूट्यूब पर लोकल मीडिया आउटलेट 'ग्रेटर कश्मीर' ने वीडियो को 21 जुलाई को अपलोड किया था. इनके मुताबिक, बडगाम जिले के बीरवाह में बाढ़ के पानी में यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बह गया था.
दूसरा वीडियो हरिद्वार का है
इस वीडियो में पानी के तेज बहाव में एक व्यक्ति बहता हुआ दिखता है. लाइफ जैकेट पहने कुछ लोग उसे बचा रहे हैं. एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “असम में बाढ़ का पानी जानलेवा हो गया और प्रकृति ने अपनी असली ताकत दिखाई. बचाव दल तेज बहाव के बीच फंसे लोगों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं.”
रिवर्स सर्च करने पर हमें यही वीडियो उत्तराखंड पुलिस के एक्स हैंडल पर मिला. इसे 26 जुलाई को शेयर किया गया था. पुलिस के मुताबिक वीडियो हरिद्वार के कांगड़ा घाट का है. इसमें राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (State Disaster Response Force) के जवान गंगा की तेज लहरों में बहते हुए एक व्यक्ति को बचा रहे हैं.
मो. महफूज़ आलम