हाईवोल्टेज ड्रामा, थ्रिल और लड़ाई-झगड़ों के बाद 'बिग बॉस मराठी 6' को अपनी विनर मिल गई हैं. महीनों की रेस के बाद एक्ट्रेस तन्वी कोलते ने शो के विनर का खिताब अपने नाम कर लिया है. कई धुरंधर खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए वो शो की विजेता बनीं. उन्हें 15 लाख रुपयों की प्राइज मनी के साथ लाखों के ईनाम भी मिले हैं.
कौन हैं तन्वी कोलते?
तन्वी कोलते ने अपने दमदार गेम से सभी को काफी इंप्रेस किया. शो में उनकी निडर पर्सनैलिटी देखते हुए उन्हें 'धाकड़ गर्ल' का टैग मिला. वो शो की सबसे चर्चित खिलाड़ियों में से एक थीं. ऐसे में नॉन-मराठी फैंस ये जानने के लिए बेकरार हैं कि आखिर बिग बॉस मराठी की विनर तन्वी कोलते कौन हैं?
तन्वी कोलते 28 साल की हैं. वो महाराष्ट्र के रत्नागिरी की रहने वाली हैं. वो मराठी फिल्म इंडस्ट्री की एक राइजिंग एक्ट्रेस हैं. बचपन से ही उन्हें एक्टिंग का शौक था. स्कूल और कॉलेज के दिनों में वो कई अलग स्टेज शोज और ड्रामे में पार्टिसिपेट करती थीं. इसी तरह उन्होंने शोबिज वर्ल्ड में कदम रखा. आज वो घर-घर में खास पहचान बना चुकी हैं.
ब्यूटी वर्ल्ड में भी बनाया नाम
एक्टिंग के साथ वो पढ़ाई-लिखाई में भी काफी आगे हैं. तन्वी ने पुणे के सिंहगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (SITS) से इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) में बी.टेक (B.Tech) की डिग्री ली है.
पढ़ाई के साथ छोटी उम्र में ही उन्होंने मॉडलिंग शुरू कर दी थी. वो कई ब्यूटी पेजेंट्स में हिस्सा लेती थीं. उन्होंने 'मिस रत्नागिरी 2018' और 'मिस गोवा 2020' जैसे टाइटल्स भी अपने नाम किए हैं. इसके अलावा वो सोशल मीडिया पर भी सुपर एक्टिव हैं. वो कई तरह का कंटेंट बनाती हैं. मगर तन्वी का मानना है कि 'बिग बॉस मराठी 6' से उन्हें खास पहचान मिली है. वो अब एक ब्रांड बन चुकी हैं.
शो के लिए दांव पर लगाया था एक्टिंग करियर?
बिग बॉस मराठी 6 में एंट्री से पहले तन्वी एक फेमस मराठी टीवी शो 'लक्ष्मी निवास' में अहम भूमिका निभा रही थीं. मगर बिग बॉस में शामिल होने के लिए उन्होंने अपना टीवी सीरियल बीच में ही छोड़ दिया था. हालांकि, ये फैसला उनके हक में फायदेमंद साबित हुआ और वो शी की ट्रॉफी जीत गईं.
बिग बॉस मराठी 6' के घर में रहने के दौरान, तन्वी कोलते ने अपने पिता के निधन के बारे में बात की थी. वो काफी इमोशनल भी हो गई थीं. उन्होंने अपने निजी संघर्षों को साझा करते हुए खुलासा किया था इसी साल की शुरुआत में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था. तन्वी अपने पिता के बेहद करीब थीं. पिता के निधन से वो बुरी तरह टूट गईं. मगर अब उनकी जिंदगी में फिर चमक आ गई है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क