आईपीएल 2026 में इन दिनों 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बल्ला बोल रहा है. उनके बैट से चौके-छक्कों की बारिश हो रही है. हर कोई टीनएज बैट्समैन का दमखम देखकर हैरान हो रहा है. इंटरनेशनल खिलाड़ी वैभव की बैटिंग के फैन हो रखे हैं. अपने देसी स्टार्स भी वैभव के टैलेंट की सराहना कर रहे हैं. एक्टर राजीव ठाकुर, जो कि स्टैंडअप कॉमेडियन भी हैं, उन्होंने वैभव की तारीफों के पुल बांधते हुए अपने शो में क्रिकेटर का गुणगान किया.
सूर्यवंशी के लिए क्या बोले राजीव?
राजीव ने कहा- और भाई Gen Z, सच बता रहा हूं ये इज्जत नहीं कर रहे हैं. आईपीएल देखा, ये कॉम मेरे मन से उतर गई है. एक Gen Z आया है, वैभव सूर्यवंशी, इज्जत ही नहीं कर रहा है किसी की. बुमराह 35 साल का है, वैभव के पापा से शायद 2 साल बड़ा होगा. पहली गेंद ग्राउंड से बाहर कर दी. कोई इज्जत नहीं. भाई बुमराह वो है जिसकी पाकिस्तानी भी इज्जत करते हैं. पहली गेंद पर हल्के शॉर्ट मारते हैं. लेकिन ये नहीं कर रहा है. बस मार रहा है हर गेंद पर.
''सूर्यवंशी राजपूत कॉम होती है. ये मुगलों को मारते थे. ये पहला सूर्यवंशी है जो अंग्रेजों को भी मार रहा है, ऑस्ट्रेलियंस को भी मार रहा है. न्यूजीलैंड वालों को भी मार रहा है. वेस्ट इंडीज ने तो कभी इंडिया पर हमला भी नहीं किया, उनको भी मार रहा है. इज्जत नहीं कर रहा है किसी की, क्यों करेगा? जब हम 14 साल के थे, हम अपने पापा से लॉलीपॉप मांगते थे. इसको आईपीएल में मिला 3 करोड़. इसका बाप इससे लॉलीपॉप मांग रहा है.''
राजीव ने कैप्शन में लिखा कि उन्होंने वैभव सूर्यवंशी जैसा नहीं देखा. लेकिन उनका स्टैंडअप देखकर यूजर्स भड़क गए हैं. लोगों ने राजीव को ट्रोल कर दिया है. एक ने लिखा- कॉमेडी के नाम पर कुछ भी बोल देना है. यूजर्स ने राजीव को अपने फैक्ट सही करने और इतिहास की गलत जानकारी न देने को कहा. किसी ने लिखा- सुनील पाल से सीखो स्टैंडअप करना. शख्स ने कहा- वैभव ट्रेंडिंग स्टार हैं, इसलिए उनके नाम पर कुछ भी स्टैंडअप बना रहे हो. ट्रोलिंग के अलावा फैंस ने राजीव का एक्ट देखकर हार्ट और फायर इमोजी बनाई है.
वर्कफ्रंट पर राजीव पेशे से एक्टर, एंकर और कॉमेडियन हैं. वो कपिल शर्मा के शो में दिखे हैं. इस शो ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. राजीव 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज 3' के फाइनलिस्ट रहे थे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क