एक हंसते-खिलखिलाते चेहरे के पीछे कितने दर्द छिपे होते हैं... ये अक्सर लोग जान नहीं पाते. 22 साल की टैलेंटेड एक्ट्रेस संचिता उगले भी असल जिंदगी में कुछ समय से परेशान थीं. 14 जून को उन्होंने अपने घर में आत्महत्या करके अपनी जान दे दी. उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां-भाई का रो-रोकर बुरा हाल है. एक्ट्रेस के पिता भी दर्द में हैं.
संचिता की मौत पर मौसी का बड़ा दावा
संचिता की मौसी ने मीडिया से बात करते हुए बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि पिछले 2 से 4 महीनों से संचिता काफी चिंतित और परेशान रहती थीं. इंडस्ट्री में कोई व्यक्ति उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उस पर दबाव बना रहा था.
संचिता की मौसी बोलीं- अगर उसने यह बात पहले घरवालों को बताई होती, तो हम कुछ कदम उठा सकते थे. पुलिस को इस मामले की गहराई से जांच करनी चाहिए और जो भी उसकी मानसिक प्रताड़ना के लिए जिम्मेदार है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी दूसरी लड़की के साथ ऐसा न हो.
संचिता के पिता का छलका दर्द
बेटी के बारे में बात करते हुए संचिता के पिता बेहद भावुक हो गए. उन्होंने इमोशनल होते हुए बताया कि संचिता सामान्य तौर पर हमेशा खुश रहती थी, लेकिन अचानक वो डिप्रेशन में चली जाती थी. यह देखकर वो खुद रोज उसके साथ आना-जाना करते थे.
उन्होंने आरोप लगाया कि काम की जगह पर संचिता को पैसों या फिर किसी कारण से लगातार मानसिक दबाव और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था. संचिता के पिता बोले- मेरी बेटी को आखिर किस बात का इतना दर्द था, यह सच सामने आना ही चाहिए. सिर्फ मेरी बेटी को ही नहीं, बल्कि देश की सभी बेटियों को न्याय मिलना चाहिए. यह कहते हुए उनके पिता की आंखें भर आईं और वो भावुक हो गए.
संचिता स्ट्रॉन्ग लड़की थीं- बोलीं जेसिका
संचिता के साथ काम कर चुकीं जेसिका ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि संचिता बेहद मजबूत और पॉजिटिव सोच वाली लड़की थीं. वो हमेशा सभी के साथ मिल-जुलकर रहती थीं. जेसिका बोलीं- मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि उसने ऐसा कोई कदम उठाया होगा. उसके जाने से पूरे परिवार को तगड़ा सदमा लगा है. लेकिन इंडस्ट्री के वर्क सिस्टम में सुधार होना बेहद जरूरी है, ताकि कलाकारों पर इस तरह का मानसिक दबाव न बने.
वहीं, रिपब्लिक वर्ल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्ट्रेस के पिता, मच्छिंद्र उगले ने अपनी बेटी की मौत के लिए इंडस्ट्री को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने दावा किया कि उनकी बेटी लगातार मानसिक तौर पर दबाव में थी. संचिता को कुछ मांगों को लेकर हैरेस किया जा रहा था.
पिना ने की न्याय की मांग
संचिता के पिता बोले- मुझे न्याय चाहिए, मेरी बेटी ने दबाव में आकर आत्महत्या की है. इंडस्ट्री के लोग उस पर दबाव बना रहे थे. वो घर पर बहुत परेशान रहती थी. वो ऊपर से अच्छी दिखती थी, लेकिन अंदर से बहुत घुटन महसूस कर रही थी. मेरी बेटी ने इंडस्ट्री के लोगों के दबाव में आकर आत्महत्या की है. पैसे की कोई कमी नहीं थी, काम की कोई कमी नहीं थी, तो फिर उस पर क्या दबाव था? उसने हमें कुछ नहीं बताया, लेकिन ऐसा लगता था जैसे कोई दबाव हो. उन्होंने अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग की. एक्ट्रेस के पिता बोले- मैं पुलिस, प्रशासन और मुख्यमंत्री से मांग कर रहा हूं कि मुझे न्याय चाहिए.
कब हुई संचिता की मौत?
संचिता उगले की बात करें तो उन्होंने 14 जून को अपने घर में आत्महत्या करके अपनी जान देदी. संचिता के निधन से इंडस्ट्री के लोग भी सदमे में हैं. वो एक राइजिंग एक्ट्रेस थीं. संचिता ने 'कुमकुम भाग्य', 'वागले की दुनिया' और 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' जैसे शोज में काम किया था. वो पिछले साल विक्की कौशल स्टारर 'छावा' फिल्म में भी नजर आई थीं. इतनी कम उम्र ेमें एक्ट्रेस का यूं अचानक चले जाना वाकई दुखद है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क