टीवी शो इंडियन आइडल 12 को लेकर काफी ज्यादा कंट्रोवर्सी देखने को मिल रही हैं. शायद सिंगिंग रियलिटी शो के इतिहास में ये पहला मौका है जब इसे सोशल मीडिया पर लगातार इतना ज्यादा ट्रोल किया जा रहा हो. शो में जजेज की पारदर्शिता और इसकी विश्वसनीयता को लेकर तो सवाल खड़े ही थे साथ ही अब शो के कंटेस्टेंट्स को भी एक एक कर ट्रोल किया जा रहा है. शो की कंटेस्टेंट शानमुखप्रिया को पहले ट्रोल किया गया अब शो के एक अन्य कंटेस्टेंट मोहम्मद दानिश को भी उनकी सिंगिंग स्टाइल के लिए खूब ट्रोल किया जा रहा है. दानिश ने हालिया इंटरव्यू के दौरान ट्रोल्स को जवाब भी दे दिया है.
सिंगर पर भी पड़ता है ट्रोल का असर
हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में मोहम्मद दानिश ने ट्रोल्स के बारे में बात करते हुए कहा कि- मैं ये नहीं कहूंगा कि ट्रोल्स का मुझपर असर नहीं पड़ता है. मुझे भी ट्रोल्स का असर पड़ता है. मगर मैं खुद को इन बातों से ज्यादा चिंतित नहीं होने देता हूं. मैं सिर्फ ज्यादा से ज्यादा मेहनत करने में यकीन रखता हूं ताकि मैं उन लोगों को भी खुश कर सकूं जो मुझसे ज्यादा की अपेक्षा रखते हैं.
अपनी सिंगिंग स्टाइल पर कही ये बात
दानिश को उनकी सिंगिंग स्टाइल को लेकर ट्रोल किया जाता है. आलोचकों का ऐसा कहना है कि वे सिंगिंग की जगह चिल्लाने लग जाते हैं. इसपर कमेंट करते हुए सिंगर ने कहा- कुछ लोग कहते हैं कि मेरी सिंगिंग में नॉइज ज्यादा है. वहीं जजेस और बाकी के गेस्ट मेरी परफॉर्मेंस की तारीफ कर रहे थे. पर मैं आखिरकार अंत में चाहता हूं कि मेरी सिंगिंग को लोग पसंद करें.
भाभी जी घर पर है फेम तिवारी जी नहीं चाहते बेटी करे TV शो में काम, बताई वजह
एआर रहमान संग काम करने का ख्वाब
अपने करियर के बारे में बात करते हुए दानिश ने कहा कि- मैं म्यूजिक इंडस्ट्री में नाम कमाना चाहता हूं. इंडियन आइडल एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जिसे मैं अपने ख्वाबों तक पहुंच सकता हूं. अब मैं सलमान खान सर, शाहरुख खान सर और ए आर रहमान सर जैसे बड़े लोगों के साथ काम करने के अपने सपने को पूरा करना चाहता हूं. बता दें कि इंडियन आइडल 12 का फिनाले भी अब करीब आ रहा है और कंटेस्टेंट्स अपने फैंस का सपोर्ट भी मांग रहे हैं.
aajtak.in