कॉमेडियन भारती सिंह टीवी के साथ-साथ यूट्यूब पर भी काफी एक्टिव हैं. आए दिन भारती के फैमिली व्लॉग्स आते रहते हैं जिसे फैंस भी काफी पसंद करते हैं. इसके साथ-साथ वो अपने पति हर्ष लिंबाचिया के साथ यूट्यूब पर पॉडकास्ट करती हैं, जहां हर एपिसोड में नए-नए सेलेब्रिटी गेस्ट आते हैं.
भारती के पति ने उठाया बड़ा कदम
भारती के पिछले पॉडकास्ट में बॉलीवुड कपल नेहा धूपिया और उनके पति अंगद बेदी आए. दोनों ने पेरेंटिंग से लेकर अपनी लव लाइफ और शादी पर खुलकर बात की. इस बीच भारती के पति हर्ष ने एक शॉकिंग खुलासा किया. उन्होंने बताया कि वो अपने घर में होने वाले शोर-शराबे से परेशान हो गए हैं. इसी कारण से उन्हें सेम बिल्डिंग में एक नया घर किराए पर लिया है, जहां वो कुछ शांति के पल बिता सकें.
भारती ने अंगद-नेहा से कहा- कल हर्ष ने मुझसे कहा था कि भारती मुझे एक घंटा सोने दे, किसी को मुझे तंग मत करने देना. क्या ये बात एक मां कह सकती है? तो इसपर हर्ष ने कहा, 'आपको पता है मैंने क्या किया है? मैंने अपनी बिल्डिंग में एक और अपार्टमेंट किराए पर लिया है. मैं वहां सुबह जाता हूं ताकि शोर-शराबे से दूर रहकर अपना काम कर सकूं. बस मैंने अभी तक वहां बैड नहीं लगाया है.'
पति की बातों पर भारती का जवाब
जहां एक तरफ अंगद ने हर्ष की बात का समर्थन किया, तो नेहा ने उन्हें टोकते हुए उनसे सवाल किया कि उन्हें उसी फ्लैट में रहने में क्या तकलीफ है? एक्ट्रेस ने हर्ष से कहा- आप उस फ्लैट में आराम कर रहे हैं क्योंकि आपके घर की महिलाएं यहां सब कुछ संभाल रही हैं. मगर भारती के पति ने जवाब दिया, 'हमें मर्दों को मानसिक शांति की जरूरत है.'
हर्ष की बात सुनकर भारती तुरंत बोलीं- कैसी शांति? वो दो बच्चों का क्या जो मैं तुम्हारे लिए संभाल रही हूं? कॉमेडियन आगे नेहा-अंगद से कहती हैं, 'हर्ष फ्लाइट में मुझसे कहा है कि मैं बुक पढ़ना चाहता हूं, तुम बच्चों को संभालना. और हमारे बच्चे, जब अच्छे से बैठ जाते हैं, सेटल हो जाते हैं तभी वो पॉटी कर देते हैं और फिर मुझे सबकुछ अकेले संभालना पड़ता है, जबतक फ्लाइट टेक-ऑफ नहीं हो जाती.'
बता दें कि भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के दो बेटे, लक्ष्य और यशवीर हैं. लक्ष्य जिसका नाम गोला भी है, उसका जन्म 2022 में हुआ था. वहीं दूसरे बेटे यशवीर, जिसका निकनेम काजू है वो दिसंबर 2025 में जन्मा है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क