Actor Anuj Thakur Passed Away: मशहूर टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का अचानक निधन हो गया है. अनुज ने 33 साल की कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है. अनुज रात में सोए और फिर वो सुबह की रोशनी देख ही नहीं पाए. नींद में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके अचानक निधन से परिवार टूट गया है. टीवी इंडस्ट्री में भी सन्नाटा पसर गया है.
कैसे हुआ अनुज ठाकुर का निधन?
अनुज ठाकुर का निधन मुंबई के ओशिवारा स्थित उनके घर पर ही सोते समय हुआ है. बताया जा रहा है कि मंगलवार (27 अक्टूबर) को नींद में ही दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ. एक्टर के करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने इंडिया टुडे/ आज तक संग खास बातचीत में इस खबर की पुष्टि की है. रूपेश सोनार ने बताया कि अनुज का परिवार उनके अचानक हुए निधन से गहरे सदमे में है और उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में प्राइवेसी की अपील की है.
रूपेश सोनार ने कहा- अनुज पिछले कुछ समय से इंडस्ट्री से दूर थे, लेकिन हम लगातार एक दूसरे के कॉन्टैक्ट में थे. उनके निधन से करीब 10 दिन पहले ही मेरी उनसे मुलाकात हुई थी. मैं शुक्रवार को उनसे बात करने की कोशिश कर रहा था, तभी उनके परिवार ने फोन उठाया और मुझे उनके निधन की जानकारी दी.
अनुज को 1 साल पहले भी पड़ा था दौरा
'जब मैं उनके परिवार से मिला, तो उन्होंने बताया कि शायद नींद में दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हुआ है. सुबह उनका अलार्म बजा और जब उनकी मां उन्हें देखने गईं, तो तब तक अनुज का निधन हो चुका था.'
रूपेश ने आगे कहा- इस साल की शुरुआत में भी अनुज को एक बार दौरा पड़ा था, जिसकी दवाइयां वो ले रहे थे. इस बार, शायद अकेले होने के कारण, उन्हें बचाया नहीं जा सका.'
अनुज को यादकर भावुक हुए रूपेश
कास्टिंग डायरेक्टर के मुताबिक, अनुज ठाकुर का परिवार उनके अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार में है. अनुज को याद करते हुए रूपेश ने कहा कि वो अभी भी उनके निधन को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. उन्हें अनुज की मौत से गहरा सदमा लगा है. अनुज की याद में रूपेश ने एक भावुक पोस्ट भी शेयर की है.
रूपेश ने पोस्ट में लिखा- अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि तुम अब हमारे बीच नहीं रहे. तुम सिर्फ एक दोस्त नहीं, बल्कि मेरे छोटे भाई की तरह थे. हमने साथ में कई प्रोजेक्ट्स प्लान किए थे. मुझे आज भी तुम्हारे शुरुआती दिनों का संघर्ष और तुम्हारी पूरी जर्नी याद है.
'जिंदगी वाकई बहुत अनप्रिडिक्टेबल है. यह स्वीकार करना बेहद दिल तोड़ने वाला है कि तुम इतनी जल्दी चले गए. यह खबर बिल्कुल अनसुनी और अनहोनी सी लग रही है. तुम्हें हमेशा याद रखा जाएगा, भाई. ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे.'
अनुज ठाकुर की बात करें तो उन्होंने 'धूम मचाओ धूम', 'बंधन सात जन्मों का', और 'महिसागर' जैसे शोज में काम किया था. उन्होंने लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई थी. फैंस भी उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं.
RIP Anuj Thakur!
सना फरज़ीन