तमिलनाडु के सीएम और सुपरस्टार थलपति विजय की मचअवेटेड फिल्म 'जन नायक' को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में कई तरह की बातें चल रही हैं. हाल ही में ऐसी खबरें तेजी से फैली थीं कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) यानी सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को 'A' (एडल्ट) सर्टिफिकेट दे दिया है. अब इससे जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है.
दरअसल इन दावों के सामने आने के बाद फैंस के बीच खलबली मच गई थी और लोग फिल्म के कंटेंट को लेकर कयास लगाने लगे थे. लेकिन अब फिल्म से जुड़े सूत्रों ने इन तमाम अफवाहों पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है और 'इंडिया टुडे' से खास बातचीत में सच्चाई सबके सामने रखी है.
सेंसर बोर्ड की मंजूरी का इंतजार
फिल्म की टीम से जुड़े एक करीबी सूत्र ने स्थिति को साफ करते हुए बताया है कि सेंसर बोर्ड की तरफ से अभी तक फिल्म को पास नहीं किया गया है. मेकर्स फिलहाल फिल्म को हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहे हैं. सूत्र ने बताया कि सेंसर की यह प्रक्रिया अभी चल रही है और पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि अगले हफ्ते तक CBFC की तरफ से फिल्म को आधिकारिक तौर पर सर्टिफिकेट और मंजूरी मिल जाएगी.
'A' सर्टिफिकेट की चर्चाएं सिर्फ अफवाह
सोशल मीडिया और मीडिया पोर्टल्स पर फिल्म को लेकर जो 'A' सर्टिफिकेट मिलने की बातें कही जा रही हैं, सूत्र ने उन्हें सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने बहुत ही स्पष्ट शब्दों में कहा कि फिलहाल 'जन नायक' को 'A' सर्टिफिकेट मिलने की जो भी चर्चा हो रही है, वह सिर्फ और सिर्फ अटकलें हैं. इनमें कोई सच्चाई नहीं है. जब तक बोर्ड खुद फिल्म को देखकर अपना अंतिम फैसला नहीं सुनाता, तब तक किसी भी तरह के दावे पर भरोसा करना जल्दबाजी होगी.
कब होगा रिलीज डेट का ऐलान?
फैंस को विजय की इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि यह उनकी सिनेमा में आखिरी फिल्म बताई जा रही है. रिलीज डेट को लेकर सूत्र ने कहा कि पूरी टीम को उम्मीद है कि जल्द ही सेंसर बोर्ड की तरफ से क्लीयरेंस मिल जाएगा. जैसे ही बोर्ड से फिल्म को सर्टिफिकेट मिलता है, उसके तुरंत बाद मेकर्स आधिकारिक तौर पर फिल्म की फाइनल रिलीज की तारीख का बड़ा ऐलान करेंगे.
सना फरज़ीन