आखिरकार थलपति विजय की जन नायगन को मिला ग्रीन सिग्नल, 7 महीने बाद खत्म हुआ इंतजार

सीएम थलपति विजय की आखिरी फिल्म जन नायगन को बड़ी राहत मिल चुकी है. सेंसर बोर्ड ने करीब 7 महीने बाद फिल्म को पास किया है. इसे A सर्टिफिकेट मिला है, जिसके बाद फिल्म रिलीज होने के लिए तैयार है.

Advertisement
थलपति को मिली राहत (Photo: Youtube/KVN PRODUCTIONS) थलपति को मिली राहत (Photo: Youtube/KVN PRODUCTIONS)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:33 PM IST

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय यानी थलपति विजय के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. उनकी 7 महीनों से सेंसर बोर्ड में अटकी फिल्म जन नायगन को आखिरकार सर्टिफिकेट मिल चुका है. सेंसर बोर्ड ने थलपति विजय की फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है. अब ये फिल्म जल्द रिलीज होने की कगार पर है. 

महीनों से अटका था सर्टिफिकेट

थलपति विजय की फिल्म जन नायगन पहले जनवरी 9, 2026 को रिलीज होने वाली थी. राजनीति में कदम रखने से पहले, विजय अपनी आखिरी फिल्म जनता को एक गिफ्ट के रूप में सौंपना चाहते थे. लेकिन सेंसर बोर्ड से इसे पास नहीं किया जा रहा था. फिल्म की रिलीज डेट करीब आई, मगर विजय की जन नायगन को सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया. 

Advertisement

कहा जा रहा था कि इस फिल्म से विजय को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में फायदा मिल सकता है. जन नायगन में कुछ सीन्स पर आपत्ति उठी. कहा गया कि इनसे भारतीय सेना और सांप्रदायिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती थी. ऐसे में ये भी एक बड़ा कारण माना गया, जिससे सेंसर बोर्ड ने इसके सर्टिफिकेट को कई महीनों तक टाले रखा. 

कोर्ट में चली सर्टिफिकेट की लड़ाई

फिल्म के मेकर्स इस पूरे विवाद को लेकर मद्रास हाई कोर्ट गए, जहां सिंगल जज बेंच ने फिल्म को तुरंत U/A 16+ सर्टिफिकेट देने की घोषणा की. लेकिन कुछ ही घंटों में इस फैसले को भी बदला गया. फिर ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां जन नायगन के प्रोड्यूसर ने अपनी फिल्म पर लगी रोक हटाने की अपील की.

मगर सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म पर लगी रोक हटाने से मना किया, बल्कि उन्होंने मद्रास हाई कोर्ट से इस मामले को तुरंत सुलझाने का आदेश दिया. हाई कोर्ट में फिल्म पर फैसला लिया गया कि इसके विवादित सीन्स को लेकर सेंसर बोर्ड को पर्याप्त समय मिलना चाहिए. इसके बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म को सर्टिफिकेट देने में लंबा समय लिया. इसी बीच थलपति विजय की फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई, जिससे हर तरफ बवाल मचा.

Advertisement

ऑनलाइन लीक हुई फिल्म

कई लोगों ने सेंसर बोर्ड पर आरोप लगाए कि उन्होंने जानबूझकर फिल्म को ऑनलाइन लीक किया. करीब 1.2 करोड़ लोगों ने गैरकानूनी तरीके से विजय की फिल्म देख डाली. इसका फेक सेंसर सर्टिफिकेट भी सामने आया. जब विजय मई 2026 में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने, तब कयास लगाए गए कि फिल्म को अब सर्टिफिकेट मिलने में देर नहीं होगी. मगर सेंसर बोर्ड ने अपना पूरा समय लिया और अब जाकर विजय की फिल्म पास की.

अभी फिल्म के मेकर्स की तरफ से ऑफिशियल कंफर्मेशन आना बाकी है. फिल्म की लंबाई करीब 3 घंटे 3 मिनट बताई जा रही है और इसे 23 या 24 जुलाई को रिलीज करने की अफवाह है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »