करण जौहर का पॉपुलर रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' अब दूसरे सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है. इस बार मेकर्स ने ऐसा स्टारकास्ट तैयार किया है, जिसे देखकर फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है. शो में बॉलीवुड, टीवी, सोशल मीडिया और रियलिटी शोज के कई बड़े चेहरे एक-दूसरे के खिलाफ दिमागी खेल खेलते नजर आएंगे.
मेकर्स ने 30 जुलाई को शो के लॉन्च इवेंट में 21 कंटेस्टेंट्स के नामों से पर्दा उठा दिया. इस बार भी शो में झूठ, धोखा, दोस्ती और विश्वासघात का ऐसा खेल देखने को मिलेगा, जहां हर कदम पर गेम पलट सकता है.
मुनव्वर फारूकी और रिया चक्रवर्ती पर रहेंगी सबकी नजर
इस सीजन का सबसे चर्चित नाम मुनव्वर फारूकी हैं. 'लॉक अप' और 'बिग बॉस 17' जीत चुके मुनव्वर को रियलिटी शो का माहिर खिलाड़ी माना जाता है. ऐसे में फैंस की नजरें उन पर टिकी रहेंगी कि क्या वह यहां भी अपना गेम चला पाएंगे.
वहीं रिया चक्रवर्ती भी शो का हिस्सा बनने जा रही हैं. फिल्मों के बाद रोडीज में गैंग लीडर के तौर पर नजर आ चुकी रिया अब एक और बड़े रियलिटी शो में अपनी किस्मत आजमाएंगी.
'फुकरा इंसान' भी खेलेंगे दिमाग का खेल
यूट्यूबर अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान भी इस बार शो में नजर आएंगे. 'बिग बॉस ओटीटी 2' के रनर-अप रह चुके अभिषेक की सोशल मीडिया पर जबरदस्त फैन फॉलोइंग है. ऐसे में उनकी एंट्री शो को और दिलचस्प बना सकती है.
मल्लिका शेरावत और दलीप ताहिल की एंट्री
बॉलीवुड की बोल्ड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत भी इस बार 'द ट्रेटर्स 2' में हिस्सा लेंगी. वहीं दिग्गज एक्टर दलीप ताहिल की मौजूदगी शो में अनुभव का तड़का लगाएगी. दोनों को पहली बार इस तरह के रणनीति वाले रियलिटी शो में देखा जाएगा.
श्वेता तिवारी की होगी वापसी
टीवी की लोकप्रिय एक्ट्रेस श्वेता तिवारी भी शो का हिस्सा हैं. 'बिग बॉस 4' की विनर रह चुकी श्वेता को रियलिटी शोज का अच्छा-खासा अनुभव है. ऐसे में उन्हें इस सीजन का मजबूत कंटेस्टेंट माना जा रहा है. उनके अलावा क्रिस्टल डिसूजा और एक्ट्रेस-एंटरप्रेन्योर पारुल गुलाटी भी शो में नजर आएंगी.
अब देखना दिलचस्प होगा कि 21 सितारों से भरे इस खेल में झूठ, चालाकी और दिमाग से कौन किसे मात देता है और आखिर कौन बनता है 'द ट्रेटर्स 2' का असली खिलाड़ी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क