लॉकअप सीजन 2 की कंटेस्टेंट और अश्नीर ग्रोवर की पत्नी मधुरी ग्रोवर का गेम खत्म हो चुका है. वो शो से बाहर आ चुकी हैं. लॉकअप में उन्होंने अपनी लाइफ का बड़ा सीक्रेट रिवील किया था. उन्होंने खुलासा करते हुए कहा कि वो तीसरा बच्चा चाहती हैं. क्योंकि अमीर बच्चे पैदा करेंगे, तो अमीरी बढ़ेगी. गरीब बच्चे पैदा करेंगे, तो गरीबी बढ़ेगी. इस कमेंट के लिए उन्हें काफी ट्रोल किया गया था. शो से बाहर आने के बाद माधुरी ने अपने बयान पर सफाई दी है.
ट्रोलिंग पर बोलीं माधुरी
शो से बाहर आने के बाद उन्होंने Netflix के पॉडकास्ट पर होस्ट तेजस्वी प्रकाश से ट्रोलिंग पर बात की. मधुरी ने कहा कि उनका ये बयान बाहर बहुत आलोचना झेल रहा है. मधुरी ने कहा, पर किस बात पर बहस है? मैंने किसी को बच्चे ना करने के लिए नहीं कहा. आजकल की पीढ़ी वैसे भी बच्चे नहीं कर रही है. हम इसी बात की बात कर रहे थे. जितने अमीर लोग बच्चे पैदा करेंगे, उतनी अमीरी बढ़ेगी. जितने गरीब लोग बच्चे पैदा करेंगे, उतनी गरीबी बढ़ेगी. और हम उससे सहमत थे.
जब माधुरी से कहा गया कि ये संवेदनशील विषय है और इसे अलग नजरिए से भी देखा जा सकता है, तो वो अपने बयान पर कायम रहीं. उन्होंने कहा कि पर वही लोग (अमीर) देश चला रहे हैं. और कौन चला रहा है? और किसने लोगों को रोजगार दिया? तेजस्वी ने कहा कि गरीब भी अपने तरीके से देश चलाते हैं, लेकिन मधुरी सुनने को तैयार नहीं थीं. उन्होंने कहा, अच्छा है अगर वो करते हैं, पर क्या तुम्हें लगता है कि गरीब देश चला रहे हैं? किसने देश चलाया? सच में क्या तुम ऐसा सोचती हो? नहीं. सोशल मीडिया पर हुई आलोचना पर उन्होंने कहा, सोशल मीडिया पर लोगों को बेचारी बनना बहुत पसंद है. अरे हमें 'गरीब' बोल दिया. अगर तुम खुद को गरीब समझोगी तो वैसे ही महसूस करोगी.
मधुरी ने शो में कहा था कि वो और अश्नीर तीसरा बच्चा चाहते थे, लेकिन परिवार वाले इसके खिलाफ थे और जब उन्होंने तय किया तो समय निकल चुका था. इस सिलसिले में उन्होंने कहा, तीसरा बच्चा आपको जवान रखता है. अगर आप सभी अमीर लोगों को देखो, शाहरुख खान ने भी तीसरा बच्चा किया. 'हम दो हमारे दो' हर किसी पर लागू नहीं होता.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क