रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी फिल्म और राजनीति के वजह से नहीं बल्कि मीम्स के वजह से छाए हुए हैं. एक्टर सोशल मीडिया पर मीम सेंसेशन बन गए है. रवि किशन के मीम्स की बाढ़ आई हुई है. उनकी बेटी रीवा किशन ने बताया कि परिवार इन मीम्स को लेकर काफी खुश रहता है और एक-दूसरे के साथ मजेदार रील्स शेयर करता है.
रीवा ने हाल ही में ओटीटी शो द अलाइंस में हिस्सा लिया था. उन्होंने एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बताया कि वह अपने पिता से जुड़े मीम्स को फॉलो करती हैं. उन्हें लोगों की क्रिएटिविटी काफी पसंद आती है और वह उन्हें इन मीम्स को लेकर बिल्कुल बुरा नहीं लगता है. उन्होंने कहा ‘मैं बेशक, इन मीम्स को देखती है. मुझे यह बहुत पसंद है. मुझे गर्व है. हम इसे सेलिब्रेट करते हैं और हंसते हैं.’
उन्होंने कहा की जब भी उन्हें समय मिलता है वह सोशल मीडिया पर देखती हैं कि रवि किशन को लेकर लोगों ने कौन-सा नया मीम बनाया हैं. रीवा ने कहा किमैं और मेरा परिवार उन रील्स को एक दूसरे को भेजते हैं और उस पर हंसते है. हर सुबह हम लोग उस मीम्स पर चर्चा करते है.
बातचीत के दौरान रीवा ने अपने करियर और स्टार किड होने को लेकर भी खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे बहुत सारे लोगों को लगता है की फिल्मी फैमिली से होने पर किसी एक्टर के लिए चीजें आसान हो जाती है. उन्होंने कहा, ‘मैं अपने पिता की बेटी हूं. लोगों को पता है कि वे मुझसे संपर्क कर सकते हैं, लेकिन आपको खुद को साबित करना पड़ता है. खुद को साबित करने में बहुत मेहनत लगती है.’ रीवा ने यह भी माना कि फिल्मी परिवार से आने के साथ कई तरह की उम्मीदें जुड़ी होती हैं.
रीवा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2020 में सब कुशल मंगल से की थी. फिल्म में वह अक्षय खन्ना के साथ नजर आई थीं. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी.
अपने डेब्यू को याद करते हुए रीवा ने माना कि उस समय वह एक कलाकार के रूप में पूरी तरह तैयार नहीं थीं. उन्होंने कहा, ‘मेरी फिल्म सब कुशल मंगल ने उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था, जितना हमने सोचा था. लेकिन मुझे पता था कि एक परफॉर्मर के तौर पर मुझे अभी बहुत काम करना है.’ रीवा ने आगे कहा, ‘मुझे पता था कि मैं उस समय उतनी तैयार नहीं थी, जितनी मैं आज हूं. मुझे इसे मानने में कोई परेशानी नहीं है.’
रीवा ने बताया कि उनके पिता ने हमेशा से उन्हें उनकी खुद की पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया है, अपने काम पर ध्यान देने और अनुभव के साथ खुद को बेहतर बनाना की सलाह दी है. रीवा के लिए पिता की पॉपुलैरिटी जहां एक ओर फायदा है, वहीं दूसरी ओर यह एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. दर्शकों के बीच रवि किशन की मजबूत छवि होने के कारण वह जानती हैं कि उन्हें अपनी जगह बनाने के लिए उन्हें कितनी मेहनत करनी होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क