पाकिस्तान की वो फेमस सिंगर जिसे शौहर ने दिया जहर! लंदन के मुर्दाघर में महीनों पड़ी रही थी बॉडी

पाकिस्तान की पॉप क्वीन नाजिया हसन ने 15 साल की उम्र में ‘आप जैसा कोई’, 'डिस्को दीवाने' गाकर पूरी दुनिया में पहचान बनाई. लेकिन उनकी निजी जिंदगी विवादों, पति पर लगे जहर देने के आरोप और दुखद अंत से भरी रही.

Advertisement
पाकिस्तानी सिंगर नाजिया हसन की दर्दभरी दास्तां (Photo: ITG) पाकिस्तानी सिंगर नाजिया हसन की दर्दभरी दास्तां (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 10 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:12 AM IST

कभी-कभी शोहरत की चमक के पीछे ऐसी दर्दभरी कहानी छिपी होती है, जिसे जानकर दिल भी भारी हो जाता है. पाकिस्तान की पॉप म्यूजिक क्वीन कही जाने वाली नाजिया हसन भी ऐसी ही एक स्टार थीं. 15 साल की उम्र में जिनकी आवाज ने पूरी दुनिया को दीवाना बना दिया, जिनके गानों पर पूरी पीढ़ी झूमी… वही नाजिया अपनी निजी जिंदगी में दर्द, धोखे और विवादों से जूझती रहीं.

Advertisement

नाजिया हसन की कहानी सिर्फ एक सुपरहिट सिंगर की नहीं, बल्कि प्यार, विश्वासघात और टूटे सपनों की ऐसी दास्तान है, जिसे जानकर आज भी लोग हैरान रह जाते हैं. नाजिया हसन का जन्म 1965 में पाकिस्तान के कराची में हुआ था. बेहद कम उम्र में ही उनकी आवाज ने लोगों का दिल जीत लिया. सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने बॉलीवुड फिल्म कुर्बानी के लिए सुपरहिट गाना आप जैसा कोई गाया था.

यह गाना इतना बड़ा हिट हुआ कि नाजिया रातों-रात स्टार बन गईं. इस गाने के लिए उन्हें फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिला और वह यह अवॉर्ड जीतने वाली सबसे कम उम्र की सिंगर बन गईं. उनका ये रिकॉर्ड आज भी कायम है. 

भाई के साथ बनाई पॉप म्यूजिक की नई दुनिया

नाजिया ने अपने भाई जोहेब हसन के साथ मिलकर कई सुपरहिट एल्बम दिए. उनका एल्बम डिस्को दीवाने 80 के दशक में इतना पॉपुलर हुआ कि एशिया के कई देशों में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री हुई. इसके अलावा उनके कई गाने युवाओं की पहली पसंद बन गए, जिनमें- डिस्को दीवाने, बूम बम, दिल की लगी शामिल हैं. उस दौर में नाजिया को साउथ एशिया की पॉप क्वीन कहा जाने लगा था.

Advertisement

चमकते करियर के बीच शादी और शुरू हुआ विवाद

हालांकि नाजिया के सितारे ज्यादा समय तक बुलंदी पर नहीं रहे. 1995 में नाजिया ने पाकिस्तान के बिजनेसमैन मिर्जा इश्तियाक बेग से शादी की और सिंगिंग की दुनिया को अलविदा कह दिया. शुरुआत में सब ठीक लग रहा था, लेकिन जल्द ही यह रिश्ता विवादों में आ गया.

नाजिया ने अपने पति पर घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए. कई इंटरव्यू और रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शादी के बाद उनका जीवन बेहद मुश्किल हो गया था. नाजिया ने खुद एक इंटरव्यू में कहा था कि उनके पति उनपर खुशहाल जीवन जीने का दिखावा करने का दबाव डालते हैं.

जहर देने के आरोप से मचा था हंगामा

नाजिया और उनके परिवार की तरफ से यह भी आरोप लगाया गया कि उनके पति ने उन्हें जहर देने की कोशिश की थी. इस मामले ने उस समय मीडिया में काफी सुर्खियां बटोरी थीं. हालांकि इन आरोपों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए, लेकिन यह सच है कि इस शादी ने नाजिया की जिंदगी को गहरे दर्द में डाल दिया.

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ. बाद में यह भी सामने आया कि नाजिया के पति की पहले भी दो शादियां हो चुकी थीं, जिसके बारे में उन्हें पूरी जानकारी नहीं थी. यह बात सामने आने के बाद मामला और ज्यादा विवादित हो गया और दोनों के रिश्ते में दरार गहरी हो गई.

Advertisement
पति के साथ नाजिया

मां बनने के बाद लिया बड़ा फैसला

1997 में नाजिया ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम अरेज हसन है. लेकिन शादी में लगातार बढ़ते विवादों के चलते आखिरकार उन्होंने 2000 में मुस्लिम लॉ के तहत अपने पति से तलाक ले लिया. तलाक के कुछ ही महीनों बाद एक और दुखद खबर आई. महज 35 साल की उम्र में 13 अगस्त 2000 को नाजिया का निधन हो गया. बताया जाता है कि वह लंबे समय से लंग कैंसर से जूझ रही थीं. उनका इलाज लंदन में चल रहा था. 

5 महीने मुर्दाघर में पड़ी रही लाश

इलाज के दौरान नाजिया ने अपने वकील और कुछ गवाहों के सामने एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा कि पति उन्हें जहर दे रहा है और स्लो पॉइजन से उनके शरीर के अंग खराब हो रहे हैं. ये बात लंदन में नाजिया का इलाज कर रहे डॉक्टर्स भी जानते थे. नाजिया ने कहा था कि अगर उनकी मौत होती है तो इस बात की जांच की जाए.

इस वजह से नाजिया की मौत के बाद लंदन पुलिस ने पूरी जांच की. उनका पोस्टमार्टम किए जाने के बावजूद उनकी फिर से अटॉप्सी करवाई गई. पुलिस ने कुछ महीनों बाद एक जांच रिपोर्ट जारी की जिसमें स्कॉटलैंड यार्ड जासूसों के मुताबिक, नाजिया की मौत का कारण लंग कैंसर बताया गया था. उन्होंने पाया कि ये एक नेचुरल डेथ थी. 

Advertisement

पाकिस्तानी के न्यूज चैनल जियो टीवी के अनुसार 13 अगस्त को हुई नाजिया की मौत के बाद 5 महीनों तक जांच के लिए उनका शव लंदन के मुर्दाघर में रखा गया था. परिवार को उनका शव 5 महीने बाद 9 जनवरी 2001 को सौंपा गया था. नाजिया का अंतिम संस्कार लंदन के हेंडन कब्रिस्तान में हुआ था. पहले उन्हें पाकिस्तान लाया जाना था, लेकिन शव मिलने में देरी होने से लंदन में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया था.

आज भी जिंदा है नाजिया की आवाज

भले ही नाजिया हसन इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज आज भी लोगों के दिलों में बसती है. उनके गाने आज भी पार्टियों, रेडियो और सोशल मीडिया पर सुने जाते हैं. कई गानों के रिमिक्स वर्जन तक बन चुके हैं. वो पहली सिंगर थीं जिन्हें ब्रिटिश चार्ट में शामिल कर गोल्डन डिस्क मिली थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement