पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक एक बार फिर अपनी शादी और लव लाइफ को लेकर हेडलाइन्स में हैं. बीते कुछ समय से शोएब मलिक की चौथी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर दावे किए जा रहे हैं. क्रिकेटर को लेकर कहा गया कि वो जल्द ही चौथी बार दूल्हा बनने वाले हैं. शादी की अफवाहों पर अब शोएब मलिक ने आखिरकार चुप्पी तोड़ी है और सच बताया है.
शादी पर क्या बोले शोएब मलिक?
शोएब मलिक ने एक लंबी स्टेटमेंट जारी की है, जिसमें उन्होंने अपनी चौथी शादी की खबरों को पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया है. शोएब ने अपनी पत्नी सना जावेद को टारगेट करने पर ट्रोल्स को करारा जवाब भी दिया है. शोएब ने सानिया मिर्जा संग अपने तलाक पर भी बात की है.
शोएब मलिक ने लिखा- साल 2023 की शुरुआत में मेरी शादी खत्म हुई थी. आपसी सहमति से यह तय हुआ था कि हम मिलकर अपने बच्चे की परवरिश करेंगे. इसके बाद ही मैंने दूसरी शादी की. मैंने हमेशा अपने परिवार के सम्मान में अपनी पर्सनल लाइफ को निजी रखने की कोशिश की है. हालांकि, मेरी इस चुप्पी को शायद मेरी कमजोरी मान लिया गया है.
शोएब मलिक ने अपनी स्टेटमेंट में ये भी कहा कि उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में बिना पुष्टि किए ही उनकी परमिशन के बिना खबरें छापी जा रही हैं. उनका ये भी कहना है कि कुछ लोगों ने उनका नाम उन महिलाओं के साथ जोड़ने की कोशिश की, जिनसे वो कभी मिले तक नहीं हैं. शोएब मलिक को लगता है कि जबसे उन्होंने सना जावेद से शादी रचाई है, तब से उनकी इमेज को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
शोएब मलिक ने आगे लिखा- मुझे लगता है कि अब बात इतनी आगे बढ़ गई है कि इसपर बोलना जरूरी हो गया है. मेरा बेटा अब उस उम्र में है जहां वो इन झूठी और मनगढ़ंत कहानियों को पढ़ेगा, जिन्हें केवल चंद रुपयों की कमाई और व्यूज के लिए फैलाया जा रहा है. लेकिन ये बेबुनियाद आरोप उन लोगों को परेशान रहे हैं, जिनकी मैं परवाह करता हूं.
शोएब मलिक ने हेटर्स को दी धमकी
शोएब मलिक ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि लोग उनकी प्राइवेसी का ख्याल रखें वरना वो हेटर्स के खिलाफ लीगल एक्शन लेंगे. शोएब ने लिखा- जिम्मेदार बनें. जीवन में कुछ लाइक्स और व्यूज से कहीं बढ़कर बहुत कुछ है. मेरा भी परिवार है, ठीक वैसे ही जैसे आप सभी का है. मुझे उम्मीद है कि इस मैसेज को पॉजिटिवली लिया जाएगा. मेरी पर्सनल लाइफ के बारे में अटकलें और मजाक बनाना बंद करें. अगर ऐसा नहीं हुआ तो मेरी टीम सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी.
शोएब मलिक की दो शादियां टूट चुकीं
शोएब मलिक की बात करें तो वो पहले ही 3 बार शादी कर चुके हैं. शोएब की पहली शादी साल 2002 में आयशा सिद्दीकी से हुई थी मगर 2010 में उनका तलाक हो गया था. पहली शादी टूटने का बाद शोएब मलिक ने सानिया मिर्जा से 2010 में दूसरी शादी की थी. मगर ये रिश्ता भी नहीं चला. साल 2023 में उनका सानिया से भी तलाक हो गया था. इस शादी से उनका एक बेटा है, जो सानिया के साथ रहता है.
दो शादियां टूटने के बाद शोएब मलिक ने पाकिस्तानी एक्ट्रेस सना जावेद से 2024 में तीसरी शादी की थी. अब बीते कुछ दिनों से उनके चौथी शादी करने की खबरें थीं, जिसपर उन्होंने रिएक्ट किया है.
aajtak.in