ऋतिक रोशन और सुजैन खान कभी बॉलीवुड के सबसे पावर कपल्स में गिने जाते थे. हालांकि, शादी के करीब 14 साल बाद दोनों ने तलाक लेकर अपनी राहें अलग कर लीं. अब दोनों ही अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं. ऋतिक जहां एक्ट्रेस सबा आजाद को डेट कर रहे हैं, वहीं सुजैन खान अर्सलान गोनी के साथ रिलेशनशिप में हैं.
तलाक पर क्या बोलीं सुजैन खान?
हाल ही में एक इंटरव्यू में सुजैन खान ने बताया कि ऋतिक रोशन से तलाक के बाद अर्सलान गोनी ने उनकी जिंदगी में प्यार और एक साथी की कमी को पूरा किया. साथ ही, उन्होंने एक्स हसबैंड ऋतिक और सबा आजाद के रिश्ते पर भी अपनी राय दी.
अर्सलान की तारीफ करते हुए सुजैन ने TOI संग बातचीत में कहा- मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानती हूं कि मेरी जिंदगी में अर्सलान आए. वो एक बेहतरीन इंसान हैं और मेरे दिल को पूरा करते हैं.
सुजैन का मानना है कि वो और अर्सलान सही वक्त पर मिले, क्योंकि उस वक्त दोनों को एक-दूसरे के साथ और प्यार की सच में बहुत जरूरत थी. सुजैन ने आगे कहा- हम एक-दूसरे से अक्सर कहते हैं कि हालात चाहे जैसे भी हों, हम अपनी जिंदगी बेहतरीन तरीके से बिताएंगे. हमने यह ठान लिया है. रास्ते में चाहे कितनी भी परेशानियां क्यों न आएं, हमारे पास एक-दूसरे का साथ है और यही सबसे ज्यादा मायने रखता है.
अर्सलान संग रिश्ते पर बोलीं सुजैन
सुजैन ने आगे अपनी बात रखते हुए कहा- मैं अर्सलान संग रिश्ते में काफी सिक्योर हूं. मेरा करियर बहुत अच्छा चल रहा है. मेरे पास कमाल के बच्चे हैं और आज जिस तरह से मेरी जिंदगी चल रही है, उससे मैं पूरी तरह खुश हूं.
ऋतिक और सबा के रिश्ते पर बात करते हुए सुजैन ने कहा- मैं मानती हूं कि ऋतिक की पार्टनर सबा भी एक बहुत ही शानदार इंसान हैं. उन्हें पाकर ऋतिक वाकई बहुत लकी हैं. हम सभी अपने-अपने रिश्तों में बेहद खुश हैं.
तलाक के बाद भी कामय दोस्ती
तलाक के बाद भी ऋतिक और सुजैन अच्छे दोस्त हैं. दोनों अक्सर साथ नजर आते हैं और अपने बेटों की मिलकर परवरिश कर रहे हैं. इस बारे में बात करते हुए सुजैन बोलीं- मैं और ऋतिक हमेशा एक बेहतरीन बॉन्ड शेयर करेंगे. हम अपने बच्चों के पेरेंट्स हैं और हम सबका रिश्ता बहुत मजबूत है. यह किसी वरदान से कम नहीं है कि आज हम सभी अपनी जिंदगी में बेहद खुश हैं.
फैंंस को अब यही इंतजार है कि सुजैन खान कब बॉयफ्रेंड अर्सलान गोनी से शादी करके घर बसाएंगी. ऋतिक और सबा की शादी का भी फैंस को बेकरारी से इंतजार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क