ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने अपने करियर में खूब शोहरत और सफलता हासिल की हैं, लेकिन यहां तक पहुंचना उनके लिए आसान नहीं था. अपनी शानदार एक्टिंग और डांसिंग के लिए पॉपुलर हेमा को इस मुकाम तक पहुंचने से पहले कई बार हताश होना पड़ा था. आज हेमा मालिनी अपना 78 वां जन्मदिन मना रही हैं तो इस खास मौके पर एक दिलचस्प वाकया हम बताने जा रहे हैं.
हेमा मालिनी को महज 16 साल की उम्र में ही फिल्मों के ऑफर मिलने लगे थे. वह बचपन से ही क्लासिकल डांस में माहिर थीं और महारानी एलिजाबेथ से लेकर उस समय के प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जैसी बड़ी हस्तियों के सामने डांस परफॉर्म कर चुकी थीं. उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे.
फोटोशूट के बाद फिल्म से निकाला गया
उनकी प्रतिभा को देखते हुए फिल्म निर्माताओं को लगने लगा कि उन्हें एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखना चाहिए. हेमा की मां जया चक्रवर्ती भी हेमा को फिल्म एक्ट्रेस बनते देखना चाहती थीं. इसी दौरान मशहूर फिल्ममेकर सीवी श्रीधर ने उन्हें अपनी फिल्म में मौका दिया. लेकिन यह अनुभव हेमा के लिए बेहद निराशाजनक साबित हुआ और कुछ दिनों के अंदर ही हेमा को फिल्म से निकाल दिया गया. लेकिन ये उनकी एक्टिंग करियर के लिए शायद अच्छा ही था क्योंकि उसके बाद उन्हें राजकपूर के साथ फिल्म में डेब्यू करने का मौका मिला.
फिल्ममेकर सीवी श्रीधर जो उस समय दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर निर्माता-निर्देशक थे. उन्होंने हेमा मालिनी को 16 साल की उम्र में अपनी फिल्म के जरिए लॉन्च करने का फैसला किया था. पर वो उन्हें उस समय हेमा नहीं बल्कि सुजाता के नाम से पर्दे पर पेश करना चाहते थे. फिल्म में हेमा मालिनी के साथ जयललिता को भी लॉन्च करने की योजना थी.
हेमा मालिनी का फोटोशूट भी हुआ लेकिन फोटोशूट के कुछ ही समय बाद उन्हें फिल्म से हटा दिया गया. सीवी श्रीधर ने उस समय कहा था कि हेमा मालिनी कभी स्टार नहीं बन पाएंगी. इस बात से हेमा मालिनी को बहुत दुख हुआ और वे काफी काफी निराशा हुई थीं.
राज कपूर ने पहचानी प्रतिभा...
हेमा के लिए शायद ये वरदान ही था कि उन्हें उस फिल्म से निकाल दिया गया क्योंकि उसके बाद उन्हें राज कपूर के साथ फिल्म करने का मौका मिला. फिल्म से निकाले जाने के तुरंत बाद ही हेमा को प्रोड्यूसर बी. अनंतस्वामी ने अपने प्रोजेक्ट के लिए चुना, जिसमें उनके साथ राज कपूर भी थे. फिल्म के स्क्रीन टेस्ट के लिए हेमा को आरके स्टूडियो बुलाया गया था. वहां उन्हें कुछ सीन अकेले करने थे. उस समय राज कपूर भी वहां मौजूद थे.
राज कपूर को देख हेमा काफी बहुत प्रभावित हुई थी और उन्हें वो किसी राजकुमार जैसे लगे थे. कहा जाता है कि हेमा स्क्रीन टेस्ट के दौरान बिना किसी झिझक के अपने सीन में पूरी तरह डूब गई थी. टेस्ट के बाद ड्रीम गर्ल को राज कपूर की प्रतिक्रिया का इंतजार था. तभी राज कपूर ने उनसे कहा था, 'यह लड़की भारतीय सिनेमा की अगली सुपरस्टार बनेगी'.
राज कपूर की बातों से हेमा का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया था. हेमा को फिल्म 'सपनों का सौदागर' के लिए हायर कर लिया गया और वह उनकी डेब्यू फिल्म थी.
बता दें कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी लेकिन फिल्म ने हेमा मालिनी के फिल्मी करियर की नींव रखी. उसके बाद उन्हें कई फिल्म ऑफर हुए.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क