पंजाबी इंडस्ट्री से शॉकिंग खबर सामने आई है. सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर अब हमारे बीच नहीं रहीं. उनकी मौत हो गई है. 19 मई की सुबह उनकी लाश नीलो नहर में मिली. सिंगर को 6 दिन पहले बंदूक की नोंक पर किडनैप किया गया था. तभी से उनकी तलाश लगातार जारी थी. इंदर की जान बस इसलिए गई क्योंकि उन्होंने शादी से इनकार कर दिया था. फैंस के बीच मातम पसरा हुआ है.
इंदर की आखिरी पोस्ट
29 साल की उम्र में एक सिरफिरे आशिक ने उनकी जान ले ली. इंदर की मौत का सदमा परिवार को बड़ा दुख दे गया है. इंदर की आखिरी पोस्ट की चर्चा हो रही है. 5 दिन पहले (13 मई) सिंगर ने इंस्टा पर अपनी स्टनिंग फोटो पोस्ट की थी. वो कैमरा के लिए कैंडिड पोज देती दिखी थीं. फोटो में उनकी नजरें झुकी हुई हैं. ब्राउन शर्ट, ग्लोइंग मेकअप में वो टशन दिखा रही हैं. तस्वीर शेयर कर उन्होंने हार्ट इमोजी बनाई थी. फैंस ने इंदर की इस पोस्ट पर कमेंट लिखकर उनकी आत्मा को शांति मिलने की दुआ की है. कईयों को सिंगर की मौत पर यकीन ही नहीं हो रहा है. इंदर की आखिरी पोस्ट देखकर लोगों की आंखें नम हो रही हैं.
वैसे इंदर की ये फोटो पुरानी है. उन्होंने 19 मई 2022 को सेम यही फोटो इंस्टा पर पोस्ट की थी. अपनी इस पुरानी फोटो को उन्होंने मौत से 5 दिन पहले रीशेयर किया था. इंस्टा पर उनके 124K फॉलोअर्स हैं. वो 2023 के बाद से इंस्टा पर कम एक्टिव रहती थीं. 2024 में सिंगर ने बस दो पोस्ट डाली थीं. इंदर ने अक्टूबर 2024 में जर्मनी की अपनी तस्वीर पोस्ट की थी. इसके 2 साल बाद उन्होंने आखिरी पोस्ट डाली. सवाल ये भी है जब 6 दिन पहले वो किडनैप हुईं तो कैसे इंस्टा पोस्ट डाला. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
सिंगर की इंस्टा प्रोफाइल बताती है कि वो जिंदादिल थीं. कई पंजाबी म्यूजिक वीडियो में उन्होंने काम किया था. वो सॉन्ग किसान एंथम 2, जीजा, देसी सिरे दा, नबज जट्टी दी, अकड़, देसी सिरे दा में दिखी थीं. अपने गुड लुक्स की वजह से इंदर फैंस के बीच फेमस थीं. इंदर के सपने बड़े थे. वो पूरे होते, इससे पहले उन्होंने दुनिया छोड़ दी.
किसने किया था इंदर को किडनैप?
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, मोगा का एक शख्स इंदर को शादी के लिए फोर्स कर रहा था. मना करने पर सिंगर को किडनैप किया गया. शख्स की इंदर संग 3 साल पहले इंस्टा पर दोस्ती हुई थी. उसने झूठ बोलकर इंदर को प्यार में फंसाया था. जैसे ही इंदर को शख्स के शादीशुदा और बच्चे होने की जानकारी मिली, सिंगर ने शादी से मना किया. इससे गुस्साए शख्स ने इंदर से बदला लेने की ठानी.
सिंगर की हत्या के बाद आरोपी के कनाडा भागने की खबर है. इंदर से बदला लेने के लिए ही वो कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क