धुरंधर 2 में जस्सी के रोल से तगड़ी पॉपुलैरिटी पाने वाले एक्टर परमवीर चीमा, अब वेब सीरीज द पिरामिड स्कीम में लीड रोल के साथ आ रहे हैं. प्राइम वीडियो इंडिया पर आ रही ये वेब सीरीज एक ऐसे स्कैम की कहानी लेकर आ रही है, जिसका शिकार कई मिडल क्लास परिवार हुए थे. परमवीर के साथ इस सीरीज में रणवीर शौरी और शेखर सुमन जैसे दमदार कलाकार भी हैं. द पिरामिड स्कीम का ट्रेलर आ गया है और ये एक स्कैम की दिलचस्प कहानी की झलक दिखा रहा है.
क्या है द पिरामिड स्कीम की कहानी?
प्राइम वीडियो की इस वेब सीरीज में शेखर सुमन के किरदार का नाम तरुण बजाज है. तरुण एक ऐसी स्कीम दुनिया को बेच रहा है जिसमें हर आदमी को अपने साथ चार लोग जोड़ने हैं और एक कंपनी के प्रोडक्ट्स बेचने हैं. फिर उनमें से हर एक को अपने नीचे चार नए लोग जोड़ने हैं. इस तरह एक चेन बनेगी और जो इस चेन में जितना ऊपर होगा, उसे उतना ही फायदा होगा.
परमवीर चीमा एक यंग लड़के के रोल में हैं जो अपना बिजनेस करना चाहता है, लेकिन उसे घर से पैसों का सपोर्ट नहीं मिल रहा. रणवीर शौरी एक मिडल एज्ड आदमी के रोल में लग रहे हैं, जो अपनी उम्र के साथ अधूरे छूट रहे सपने गिनते हुए निराश हो रहा है. इन दोनों को तरुण बजाज की स्कीम का पता लगता है और दोनों अपनी किस्मत आजमाने इसमें कूद जाते हैं. इनकी कहानी में रातोंरात कमाई की बरसात होने लगती है, लेकिन क्या तरुण बजाज जो गेम खेल रहा है, वो स्कीम है या स्कैम? यहां देखें द पिरामिड स्कीम का ट्रेलर:
जनता से कनेक्ट करेगी कहानी
90s और 2000 के शुरुआती दशक में मिडल क्लास के बीच, पिरामिड स्कीम की तरह चलने वाली कई कंपनियां एकदम से पॉपुलर हुई थीं. आपको कई लोग इस तरह की कहानी सुनाते मिल जाएंगे कि उन्होंने इस तरह की कंपनियों से ऊंचे दामों में प्रोडक्ट्स खरीदे थे, और ऐसे भी कई लोग मिलेंगे जिनको ऐसी स्कीम्स में तगड़ा घाटा हुआ था.
द पिरामिड स्कीम की कहानी मिडल क्लास घरों में अच्छा कनेक्ट बनाने वाली है. इसे 'द वायरल फीवर' (TVF) ने प्रोड्यूस किया है, जो पहले ही पंचायत और गुल्लक जैसे बेहतरीन शोज बना चुका है. 5 जून को आ रही द पिरामिड स्कीम का ट्रेलर तो काफी दिलचस्प है, अब देखना है कि ये कहानी दर्शकों को कितनी पसंद आती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क