सनी देओल साल 2001 में गदर फिल्म से तारा सिंह बनकर बड़े पर्दे पर आए थे, जिसमें उनका एक्शन अवतार कई लोगों को पसंद आया था. हैंडपंप उखाड़ने वाला सीन हो या पाकिस्तान में घुसकर लोगों की पिटाई, सनी का हर अंदाज उस पिक्चर में निराला था. आमिर खान की लगान से क्लैश के बावजूद, गदर को फैंस का काफी प्यार मिला था.
सनी की फिल्म गदर का क्रेज जनता में कितना ज्यादा था, इसका एक उदाहरण साल 2023 में भी देखने मिला. डायरेक्टर अनिल शर्मा गदर 2 लेकर आए, जिसने सनी देओल के करियर को एक ऊंचाई दिलाई. बॉक्स ऑफिस पर इसे सबसे बड़ी सफलता मिली. 15 जून यानी कल गदर को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो जाएंगे.
क्या सचमुच बनेगी गदर 3?
इस खास मौके पर अनिल शर्मा ने HT से बातचीत में गदर 3 पर बड़ा अपडेट दिया है. डायरेक्टर ने कंफर्म किया है कि वो अपनी कल्ट फिल्म के तीसरे पार्ट पर काम कर रहे हैं. स्क्रिप्ट लिखनी जारी है, अगर सब सही रहा तो शायद अगले साल 2027 में इसकी शूटिंग भी शुरू हो सकती है.
अनिल शर्मा ने कहा- जब उत्कर्ष शर्मा बड़ा हो गया, तो लोग कहने लगे कि अब जीते की कहानी लेकर आओ. लेकिन मेरे लिए अगर गदर की कहानी एक बम थी, तो मैं गदर 2 तभी बनाता जब मुझे उससे भी बड़ी, एटम बम जैसी कहानी मिलती. और गदर 2 ने इतिहास रच दिया. अब अगर मुझे उससे भी ज्यादा दमदार, न्यूक्लियर बम जैसी कहानी मिलेगी, तभी मैं गदर 3 बनाऊंगा. फिलहाल हम इसकी स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और अगर सब कुछ ठीक रहा, तो अगले साल गदर 3 की शुरुआत कर देंगे.
सबसे बड़ी हिट थी गदर
डायरेक्टर ने इसी बातचीत में ये भी कहा कि उनकी फिल्म गदर इंडियन सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी हिट थी. ना सिर्फ इसलिए क्योंकि इसने बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई की. मगर 10 करोड़ लोगों ने इसकी टिकट खरीदी, जो अभी तक एक ऐसा रिकॉर्ड बना हुआ है जिसे कोई नहीं तोड़ सका है.
अनिल शर्मा की बातों से ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि सनी देओल वापस तारा सिंह बनकर लौटेंगे. वहीं अमीषा पटेल भी सकीना बेगम का रोल दोबारा करती नजर आएंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क