एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी और सोशल एंटरप्रेन्योर गीतांजलि अंगमो ने हाल ही में क्रिस्टोफर नोलन की लेटेस्ट फिल्म 'द ओडिसी' की तारीफ की है. उन्होंने 2024 में मशहूर फिल्ममेकर से हुई अपनी मुलाकात को भी याद किया और उनके साथ एक फ़ोटो शेयर की. हालांकि, 'द ओडिसी' की तारीफ करते हुए उन्होंने बॉलीवुड पर भी अपनी राय रखी, जिसे कई लोग हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर एक हल्का तंज़ मान सकते हैं.
गीतांजलि ने 'द ओडिसी' की बहुत तारीफ की और बड़े पर्दे पर फिल्म देखने को एक 'अद्भुत' एक्सपीरियंस बताया. उन्होंने लिखा, 'कल 'ओडिसी' देखी. 2024 में न्यूयॉर्क में क्रिस्टोफर नोलन से अचानक हुई मुलाकात के दौरान जिस चीज पर बातचीत हुई थी, उसे स्क्रीन पर देखना अद्भुत था. इसकी थीम भारतीय सोच के बहुत करीब लगती हैं. हीरो का सफर, धर्म और किस्मत, वनवास, प्रलोभन, घर वापसी, और रास्ते में इंसान की परीक्षा और बदलाव.'
बॉलीवुड पर अपने विचार शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'भारत ऐसे महाकाव्यों के खजाने पर बैठा है. सोचिए अगर उन्हें बड़े पैमाने, संवेदनशीलता और बौद्धिक गहराई के साथ सिनेमा में लाया जाए. सिनेमा मनोरंजन से कहीं ज्यादा है. यह सोच को आकार देता है. शायद बॉलीवुड को हमारे सबसे शक्तिशाली क्लासरूम में से एक के तौर पर अपनी भूमिका को फिर से खोजने की जरूरत है.'
सुर्खियों में रहा सोनम वांगचुक का नाम
पिछले महीने, जब सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर थे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ-साथ NEET पेपर लीक के बाद भारत की परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही की मांग कर रहे थे, तो कई लोगों को उम्मीद थी कि आमिर खान एक्टिविस्ट का सपोर्ट करेंगे. कई लोगों का मानना था कि उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' वांगचुक की जिंदगी पर आधारित थी, खासकर तब जब '3 इडियट्स' के एक्टर ओमी वैद्य, जिन्होंने फिल्म में 'चतुर' का किरदार निभाया था, ने वांगचुक के पक्ष में बात की थी.
हालांकि, ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (BFI) में बातचीत के दौरान आमिर ने '3 इडियट्स' के बनने के समय एक्टिविस्ट को जानने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, 'नहीं, असल में यह सच नहीं है. यह एक गलतफहमी है. जब हम फिल्म बना रहे थे, तब मुझे मिस्टर सोनम वांगचुक के बारे में पता नहीं था. मुझे पता है, मैंने हाल ही में 'चतुर' का एक वीडियो देखा जिसमें उन्होंने ऐसा कहा था... नहीं, वह गलत हैं. हो सकता है कि 'चतुर' ऐसा सोच रहे हों, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि न तो राजू, न ही अभिजात और न ही मुझे सोनम के बारे में पता था. हालांकि, मिस्टर सोनम जो काम कर रहे हैं, वह वैसे भी बहुत अच्छा है. उनकी और उनके काम की इज्जत करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि वह '3 इडियट्स' के किरदार पर आधारित हों.'
जानकारी के लिए बता दें कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सरकार के अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद वांगचुक ने 23-24 जुलाई, 2026 को अपनी 26 दिन की भूख हड़ताल खत्म की थी. इसके कुछ दिनों बाद, 25 जुलाई, 2026 को धर्मेंद्र प्रधान ने भारत के केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क