बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मनाने वाले हैं. हर साल की तरह इस बार भी उनके फैंस इस खास दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस बीच शाहरुख के बंगले 'मन्नत' का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें बंगले पर बड़ी स्क्रीन लगी दिखाई दे रही है. इसे देखकर फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है कि क्या किंग खान के जन्मदिन पर उन्हें कोई खास सरप्राइज मिलने वाला है?
'इंडिया टुडे' को पता चला है कि यह खुलासा शाहरुख के 61वें जन्मदिन के मौके पर होगा. हालांकि, फिल्म के मेकर्स ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि यह कोई टीजर होगा, कोई गाना होगा या फिर कोई और प्रमोशनल चीज. लेकिन इतना पक्का है कि किंग खान के 200 करोड़ रुपये वाले आलीशान बंगले 'मन्नत' के बाहर एक बड़ा सरप्राइज देखने को मिलेगा.
डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद की पोस्ट
फिल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कुछ ऐसा कर दिया है जिससे फैंस की धड़कनें तेज हो गईं. उन्होंने लगातार तीन दिनों तक ठीक आधी रात को तीन अलग-अलग पोस्ट शेयर किए. जब फैंस ने इन तीनों संदेशों को आपस में जोड़ा, तो एक लाइन सामने आई- 'इट्स टाइम फॉर द वर्ल्ड टू सेलिब्रेट" यानी अब दुनिया के जश्न मनाने का समय आ गया है. 'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद शाहरुख और सिद्धार्थ एक बार फिर साथ आ रहे हैं, ऐसे में इस टाइमिंग ने फैंस के मन में यह पक्का कर दिया है कि 2 नवंबर की आधी रात को कुछ धमाकेदार सामने आने वाला है.
एड शीरन और अरिजीत सिंह के गाने की चर्चा
इस बीच, 'द क्लाइमैक्स इंडिया' की एक रिपोर्ट से सामने आया है कि शाहरुख खान की इस फिल्म 'किंग' में संगीत की दुनिया के दो सबसे बड़े सितारे आपस में हाथ मिला रहे हैं. चर्चा है कि फिल्म में मशहूर ब्रिटिश सिंगर एड शीरन और हमारे अपने अरिजीत सिंह का एक खास गाना शामिल है. यह कयास लगाए जा रहे हैं कि शाहरुख के जन्मदिन के मौके पर इसी गाने या फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट सामने आ सकता है. अगर यह सच साबित होता है, तो यह वाकई में पूरी दुनिया के संगीत प्रेमियों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होगा.
बांद्रा-वर्ली सी लिंक की सजावट
किंग खान के जन्मदिन का क्रेज सिर्फ उनके घर के बाहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मुंबई शहर में इसका असर साफ दिख रहा है. शाहरुख खान के सम्मान और उनके जन्मदिन को खास बनाने के लिए मुंबई के आइकॉनिक बांद्रा-वर्ली सी लिंक को शानदार तरीके से रोशन किया गया है. इस जगमगाते पुल की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
धमाकेदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म 'किंग'
अगर बात करें फिल्म 'किंग' की, तो यह एक जबरदस्त क्राइम एक्शन-थ्रिलर फिल्म होने वाली है, जिसका निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं. इस फिल्म को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी अहम भूमिका में नजर आएंगी. इसके अलावा, अभिषेक बच्चन इसमें खतरनाक विलेन के रूप में दिखेंगे, जबकि दीपिका पादुकोण एक लंबी स्पेशल अपीयरेंस में होगी. फिल्म में जयदीप अहलावत और राघव जुयाल जैसे बेहतरीन कलाकार भी शामिल हैं, और यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क