संजय दत्त की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. विवाद, जेल, नशे की लत और रिश्तों में उतार-चढ़ाव... उनकी जिंदगी का लगभग हर दौर सुर्खियों में रहा है. हालांकि, इन सबके बीच कुछ रिश्ते ऐसे रहे जिन्होंने बुरे वक्त में उनका हाथ नहीं छोड़ा. अब एक्टर ने अपनी पत्नी मान्यता दत्त को लेकर खुलकर बात की है और बताया है कि उनके लिए मान्यता की जगह कितनी खास है.
'मां नरगिस के बाद मान्यता जैसी कोई नहीं मिली'
शेखर सुमन के साथ बातचीत में संजय दत्त ने मान्यता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत कम ऐसी महिलाओं को देखा है, जो एक मां और पत्नी के तौर पर इतनी समर्पित और जिम्मेदार हों. एक्टर ने मान्यता की तुलना अपनी मां और दिग्गज एक्ट्रेस नरगिस दत्त से तक कर दी.
संजय ने कहा- मैंने बहुत कम ऐसी महिलाओं को देखा है, जो मां और पत्नी के तौर पर इतनी कमिटेड और डेडिकेटेड हों. मेरी मां के बाद, वह इकलौती ऐसी महिला हैं, जिन्हें मैंने देखा है, जो चट्टान की तरह खड़ी रहती हैं. जेल हो या कुछ और, वह हमेशा मेरे साथ रहती हैं.
संजय के लिए मान्यता सिर्फ उनकी पत्नी नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी की वह शख्स हैं, जिन्होंने मुश्किल से मुश्किल दौर में भी उनका साथ नहीं छोड़ा.
मान्यता से कैसे हुई थी मुलाकात?
मान्यता के साथ अपनी लव स्टोरी पर भी संजय ने दिलचस्प बात बताई. उन्होंने कहा कि मान्यता उनसे कहती हैं कि उन्होंने उन्हें तब देखा था, जब वह अभी प्रैम (बच्चों का झूला) में थीं. संजय ने यह भी बताया कि दोनों की उम्र में करीब 20 साल का अंतर है.
संजय के मुताबिक, दोनों की मुलाकात हुई और धीरे-धीरे रिश्ता आगे बढ़ा. फिर दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया और आखिरकार शादी का फैसला लिया. संजय दत्त और मान्यता दत्त ने फरवरी 2008 में शादी की थी. अक्टूबर 2010 में दोनों जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने.
संजय की जिंदगी में रिश्तों की कहानी रही है लंबी
संजय दत्त की पर्सनल लाइफ हमेशा उनकी फिल्मों जितनी ही चर्चा में रही है. एक्टर की कई शादियां हुईं और उनकी जिंदगी में कई मुश्किल दौर भी आए. पहली शादी दिवंगत एक्ट्रस ऋचा शर्मा से हुई थी. दोनों की बेटी त्रिशाला दत्त हैं.
ऋचा के निधन के बाद त्रिशाला का पालन-पोषण अमेरिका में उनके नाना-नानी के साथ हुआ. संजय ने बताया कि एक दौर ऐसा भी आया था जब वह और त्रिशाला एक-दूसरे से दूर हो गए थे. उनके मुताबिक, इसकी कई वजहें थीं, जिसमें उनका कानूनी मामला भी शामिल था. लेकिन अब दोनों के रिश्ते काफी बेहतर हैं और संजय अपनी बेटी पर गर्व करते हैं.
आज संजय दत्त की जिंदगी में मान्यता उनकी सबसे मजबूत साथी के तौर पर मौजूद हैं. एक्टर का यह बयान बताता है कि ग्लैमर और विवादों से भरी जिंदगी के पीछे उनके लिए परिवार और उन रिश्तों की अहमियत कितनी गहरी है, जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया.
मालूम हो कि मान्यता मुस्लिम धर्म से आती हैं. कहा जाता है कि संजय से शादी के बाद उन्होंने अपना नाम और धर्म दोनों बदल लिया था. वो दुबई में ही पली बढ़ी हैं. हालांकि वो मान्यता नाम से फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क