संजय दत्त इन दिनों अपने एक बयान को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं. शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ में भारत में शांति को लेकर दिए उनके बयान ने सोशल मीडिया पर खूब बवाल मचाया था. विवाद बढ़ने के बाद संजय दत्त ने पहले लिखित सफाई दी और फिर एक वीडियो जारी कर साफ किया कि शो में कही गई बातें उनकी निजी सोच नहीं थीं, बल्कि एक स्क्रिप्टेड सेगमेंट का हिस्सा थीं.
लेकिन अब मामला एक और मोड़ ले चुका है. संजय दत्त का यही सफाई वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और कई लोग इसे असली मानने को तैयार नहीं हैं. कोई इसे ‘AI जनरेटेड’ बता रहा है तो कोई कह रहा है कि आवाज भी AI से बनाई गई लग रही है.
पहले लिखकर दी सफाई, फिर सामने आया वीडियो
दरअसल, शेखर सुमन के शो में संजय दत्त ने कहा था कि भारत के लोग बहुत प्यारे और बड़े दिल वाले हैं, लेकिन उन्हें अब देश में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती. इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई. इसके बाद संजय ने लिखित सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और बातचीत का संदर्भ स्क्रिप्टेड, हल्का-फुल्का और हास्य से जुड़ा था.
इसके बाद उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह सीधे कैमरे पर अपनी बात रखते नजर आए. संजय ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शो में कही गई बातों को लेकर उनसे संपर्क किया. उन्होंने लोगों की भावनाओं को समझने की बात कही और बताया कि शो में जो बातें कही गई थीं, वह स्क्रिप्ट के मुताबिक निभाया गया एक सेगमेंट था. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह बातें उनकी अपनी सोच या भावनाएं नहीं हैं.
संजय का वीडियो असली है या AI? ये है फैक्ट चेक
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा संजय दत्त का सफाई वाला वीडियो असली है या AI से बनाया गया है? फैक्ट चेक में सामने आया है कि यह वीडियो असली है. संजय दत्त ने खुद यह सफाई वीडियो जारी किया था. हालांकि, इसके बावजूद सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को लेकर दो हिस्सों में बंटे हुए हैं. कई यूजर्स ने इसे AI से बनाया हुआ वीडियो तक बता दिया है.
इसकी एक बड़ी वजह संजय दत्त की सफाई का अंदाज है. विवाद के बाद उनकी ओर से सोशल मीडिया पर एक लिखित बयान भी सामने आया था. इसमें उन्होंने कहा था कि उनकी बातों को उनके असली संदर्भ से अलग करके समझा गया. इसके बाद वीडियो में भी उन्होंने यही सफाई दी कि शो का पूरा सेगमेंट स्क्रिप्ट के हिसाब से किया गया था.
यही वजह है कि जब यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ तो कई लोगों ने संजय दत्त की आवाज और बोलने के अंदाज पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कमेंट सेक्शन में किसी ने लिखा, ‘AI है’, तो किसी ने कहा कि पहले वाला बयान असली था, जबकि नया वीडियो ज्यादा ‘स्क्रिप्टेड’ लग रहा है, कुछ लोगों ने तो सीधे इसे AI-generated video तक बता दिया.
इंस्टाग्राम स्टोरी से हटने के बाद फिर वायरल हुआ वीडियो
विवाद बढ़ने के बाद संजय दत्त की तरफ से यह सफाई वाला वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था. उन्होंने इसे अपनी इंस्टा स्टोरी पर भी लगाया था. इंस्टा स्टोरी की सामान्य समय-सीमा पूरी होने के बाद यह वहां से हट गया. इसके बाद वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा.
यही टाइमलाइन भी लोगों के बीच भ्रम की वजह बनी. कुछ यूजर्स को लगा कि अगर वीडियो अब संजय दत्त के अकाउंट पर दिखाई नहीं दे रहा है, तो शायद वायरल क्लिप किसी और जगह से आई है या उसके साथ छेड़छाड़ की गई है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क