टीवी की दुनिया अब भी एक्ट्रेस संचिता उगले की मौत की खबर से सदमे में है और इससे उबरने की कोशिश कर रही है. कुमकुम भाग्य सीरियल से फेमस हुईं 22 साल की संचिता 14 जून को महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा स्थित अपने घर में मृत पाई गईं. पुलिस का कहना है कि उन्होंने आत्महत्या की है. हालांकि जांच अभी भी जारी है.
संचिता की मौत को लेकर हर कोई अलग अलग दावा कर रहा है. करीबियों का कहना है कि एक्ट्रेस डिप्रेशन से जूझ रही थीं. वहीं किसी ने बॉयउफ्रेंड से तनाव और कम फॉलोअर्स की वजह से काम न मिलने की पाने की बात कही. अब संचिता के दादा ने भी अपना रिएक्शन शेयर किया है.
बिना गॉडफादर के बनाई थी पहचान
संचिता के दादा गोपीनाथ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उसने मनोरंजन जगत में अपनी पहचान पूरी तरह अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बनाई थी. उसे याद करते हुए वो भावुक हो गए. उन्होंने कहा- वो बहुत प्रतिभाशाली लड़की थी. उसने अपनी मेहनत और काबिलियत से आगे बढ़कर नाम कमाया था. उसका कोई गॉडफादर नहीं था.
उन्होंने आगे कहा- वो उस समय मानसिक रूप से किस परेशानी से गुजर रही थी, ये समझना मुश्किल है. उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था. किसी ने कभी उसके बारे में बुरा नहीं कहा. उसकी जिंदगी में किसी चीज की कमी नहीं थी. उसने अपनी मेहनत से सब कुछ हासिल किया था. वो बहुत होशियार और सक्षम लड़की थी. उसने पूरे तालुका और अहमदनगर जिले में अपना नाम रोशन किया था.
लोग संचिता नहीं, पूजा के नाम से पहचानते थे
गोपीनाथ ने बताया कि टीवी शो 'साजन घर' में पूजा के किरदार ने संचिता को खास पहचान दिलाई थी. उसकी पॉपुलैरिटी इतनी बढ़ गई थी कि लोग उसे उसके असली नाम से नहीं, बल्कि पूजा के नाम से जानने लगे थे.
उन्होंने कहा- जो लोग उसके सीरियल देखते थे, वो उसे पूजा के नाम से जानते थे. ये किरदार इतना फेमस हो गया था कि पूरे अहमदनगर जिले में लोग उसे पूजा कहकर बुलाते थे. जब भी मैं कहीं जाता और बताता कि वो मेरी पोती है, तो रिश्तेदार और जान-पहचान वाले उसे संचिता नहीं, सिर्फ पूजा के नाम से पहचानते थे. बहुत कम लोग उसका असली नाम जानते थे.
क्यों उठाया आत्महत्या जैसा कदम?
दादा ने दुख जताते हुए कहा- ये बहुत दर्दनाक है. उसने ऐसा क्यों किया, ये सिर्फ भगवान ही जानता है. उसके मन में क्या चल रहा था, ये हमारी समझ से बाहर है. उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया जिनमें कहा जा रहा था कि काम न मिलने की वजह से उसने ये कदम उठाया. उन्होंने कहा- नहीं, उसके पास काम था.
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संचिता की मौत की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है. हालांकि, संचिता के पिता ने किसी भी तरह की साजिश या गलत काम की आशंका से इनकार किया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है. घटना के समय संचिता घर में अकेली थीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क