सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपनी अपकमिंग फिल्म को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं. उनकी फिल्म जिसका पहले नाम 'बैटल ऑफ गलवान' था, अब बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' रख दिया गया है. इसकी अनाउंसमेंट खुद सलमान ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी, जहां उन्होंने फिल्म का नया पोस्टर भी रिलीज किया.
क्यों बदला सलमान की फिल्म का टाइटल?
सलमान की फिल्म का नाम अचानक क्यों बदला, इसका जवाब उनका हर फैन जानना चाहता है. फिल्म को लेकर पहले से ही सस्पेंस बरकरार था, ऐसे में सोमवार को हुई इस नई अनाउंसमेंट ने उन्हें और सरप्राइज कर दिया है. अब सलमान की फिल्म के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने इस बदलाव पर रिएक्ट किया है.
HT से अपूर्व ने कहा है कि ये फैसला अचानक नहीं लिया गया है. वो पहले से ही फिल्म के दो टाइटल सोचकर बैठे थे, जिसपर विचार काफी वक्त से चल रहा था. डायरेक्टर ने कहा, 'सलमान खान सर के फैंस को टाइटल बदलना अचानक लग सकता है, लेकिन ये कोई एक रात में लिया फैसला नहीं था. शुरू से ही हमने दो टाइटल रजिस्टर कराए थे – बैटल ऑफ गलवान और मातृभूमि. फिल्म बनाते-बनाते हमने महसूस किया कि ये सिर्फ एक लड़ाई की कहानी नहीं है. इस फिल्म का असली दिल तो इंसानियत, दूसरों के दर्द को समझना, और वो चुपचाप लड़ी गई लड़ाइयां हैं जो हमारे जवान रोज लड़ते हैं.'
'मातृभूमि मे वॉर रेस्ट इन पीस, ये टाइटल उस भावना और कुर्बानी को बहुत सच्चाई से दिखाता है. ये फिल्म की पूरी कहानी की आत्मा को बयान करता है — यानी लड़ाई के बीच में भी इंसानियत को बचाए रखना. फिल्म में इसी नाम का एक गाना भी है. दर्शकों ने उस गाने को बहुत प्यार दिया है, जिसकी वजह से ये टाइटल और भी ज्यादा सही लगने लगा.'
क्या है 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' पर अपडेट?
फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की शूटिंग अभी फिलहाल दोबारा से हो रही है. सलमान, डायरेक्टर अपूर्व लाखिया के साथ कुछ सीन्स को दोबारा शूट कर रहे हैं, ताकि फिल्म का पूरा एक्सपीरियंस अच्छे से पर्दे पर निखरकर आ सके. फिल्म की रिलीज 17 अप्रैल अनाउंस की गई थी, जिसपर अभी थोड़ा सस्पेंस बना हुआ है. कहा जा रहा है कि फिल्म को पहले डिफेंस मिनिस्ट्री से हरी झंडी लेनी होगी.
aajtak.in