यश इंडियन सिनेमा में इस समय किसी बड़े पैन-इंडिया सुपरस्टार से कम नहीं हैं. साउथ के साथ-साथ नॉर्थ में भी उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग बन चुकी है. इस साल वो अपने चाहने वालों के लिए एक नहीं, बल्कि दो फिल्में- टॉक्सिक और रामायण लेकर आने वाले हैं. दोनों फिल्मों के बीच अगर तुलना की जाए, तो इस समय रामायण का क्रेज काफी ज्यादा है.
रामायण का बज बढ़ाने में यश का बहुत बड़ा हाथ है. कुछ समय पहले फिल्म का ट्रेलर दिल्ली में दिखाया गया था, जिसमें एक्टर को रावण के गेटअप में देखकर लोग दंग रह गए थे. फिर सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 से ट्रेलर ऑनलाइन लीक हुआ, जिसमें हम सभी ने यश का पूरा लुक देखा. फैंस उन्हें इस तरह देखकर खुशी से झूम उठे हैं.
कैसे रावण बने यश?
रावण बनने के लिए यश ने भी काफी मेहनत की. अपने लुक से लेकर किरदार में घुस जाने तक, एक्टर ने हर छोटी चीज पर ध्यान दिया. यूट्यूब चैनल रिव्यू नेशन को दिए इंटरव्यू में यश ने रावण के गेटअप में ढलने पर पूरी बात की. उन्होंने बताया कि वो जब भी सेट पर रावण का वो भारी और भव्य मुकुट पहनकर आते थे, तभी से वो अपने किरदार में घुस जाते थे.
हालांकि इस बीच डायरेक्टर नितेश तिवारी ने यश की थोड़ी सी टांग खींची. उन्होंने उनके गानों का जिक्र किया, जो वो सेट पर बजाया करते थे. यश ने कहा भी कि वो पहले काफी गंभीर रहा करते थे. लेकिन रामायण के सेट पर उन्होंने पूरा माहौल बिगाड़ने का काम किया था. इसपर रणबीर कपूर ने भी कहा कि उन्हें खबर मिलती रहती थी कि कैसे यश अपने गानों से पूरे सेट की एनर्जी बदल देते थे.
यश ने कहा- मैं सेट बड़े-बड़े स्पीकर लाता था और फुल वॉल्युम में गाने बजाता था. मैं उस एक जोन में खोया रहता था. मैं भगवान शिव के गाने बजाता था. रावण भगवान शिव का बड़ा भक्त था. मैं वो गाने बजाता था और उसी नशे में खो जाना चाहता था. म्यूजिक इतना तेज होता था कि सब लोग बड़ी मुश्किल से बात कर पाते थे.
कब आ सकता है रामायण का ट्रेलर?
बात करें फिल्म रामायण की, तो इसका ऑफिशियल ट्रेलर 24 जुलाई को आने वाला था. लेकिन स्टूडेंट प्रोटेस्ट और सोनी पिक्चर्स के साथ डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनरशिप के कारण, उन्होंने इसे दूसरी डेट पर रिलीज करने का प्लान किया है. ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि मेकर्स अपनी फिल्म का ट्रेलर 30 जुलाई को रिलीज करेंगे, जब इंडिया में स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क