डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म रामायण सालों की मेहनत के बाद स्क्रीन पर पहुंचने के लिए तैयार है. हनुमान जयंती के दिन 2 अप्रैल को मेकर्स रामायण से एक खास फर्स्ट लुक वीडियो शेयर करने वाले हैं. इस प्रोमो में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर की पहली झलक नजर आएगी. लेकिन ऑफिशियल लॉन्च से पहले मेकर्स ने इंटरनेशनल ऑडियंस के सामने ये प्रोमो रिवील कर दिया है. लॉस एंजेलिस में रामायण के इस टीजर की स्क्रीनिंग हो चुकी है. ये टीजर देखने के बाद इंटरनेशनल ऑडियंस रामायण और रणबीर दोनों की तारीफ करती नहीं थक रही.
रणबीर ने इंटरनेशनल जनता को दिया प्रभु श्रीराम का इंट्रो
रामायण की अपडेट्स शेयर करने वाले फैन अकाउंट्स पर इन तारीफों और स्क्रीनिंग के बाद जनता से बात करते रणबीर के वीडियो आने लगे हैं. टीजर की स्क्रीनिंग के बाद रणबीर कपूर इंटरनेशनल ऑडियंस को भारतीय संस्कृति में प्रभु श्रीराम का महत्व समझाते नजर आए. उन्होंने कहा, 'भगवान राम सदियों से दुनिया भर में अरबों लोगों की अंतरात्मा में बसे हुए हैं. और वो हमारे खत्म होने के बाद भी वहां बने रहेंगे. वो हमें अन्याय पर मानवता की विजय का संदेश देते हैं. वो दया, वीरता, नैतिकता और क्षमा का भाव जगाते हैं. उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है, जिसका अर्थ है एक आदर्श व्यक्ति.'
रामायण का टीजर देख फैन्स हुए क्रेजी
लॉस एंजेलिस में रामायण के टीजर की स्क्रीनिंग पर हॉलीवुड के जाने-माने फिल्म क्रिटिक क्रिस गोर भी मौजूद थे. फिल्म थ्रेट के लिए अपने एक पॉडकास्ट में क्रिस ने रामायण के फर्स्ट लुक टीजर पर रिएक्शन शेयर किया. उन्होंने रामायण को इंडिया की 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' बताया. उन्होंने कहा कि ये एक खास स्क्रीनिंग थी, जिसके बारे में वो ज्यादा बात नहीं कर सकते, लेकिन उन्हें ये फिल्म शानदार लग रही है.
लॉस एंजेलिस में रामायण की टीजर स्क्रीनिंग से फैन्स के रिएक्शन भी सोशल मीडिया पर खूब आ रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर के 2 सेकंड और थिएटर का रिएक्शन शानदार था'. एक ने कहा, 'स्क्रीन पर सिर्फ 2 सेकंड... और लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए. सोचिए पूरी फिल्म कैसी होगी. रिएक्शन से ही सब पता चल रहा है. ये सिर्फ फिल्म नहीं है, इमोशन है.'
एक यूजर ने तो बताया कि रामायण के टीजर ने उन्हें भावुक कर दिया. इस यूजर ने लिखा, 'एक मोमेंट मेरे मन में बस गया है— राम एक नाव में बैठे हैं, उनका नाम पुकारा जाता है और वो धीरे से पलटते हैं. मैं बहुत कम इमोशनल होता हूं... पर वो मोमेंट बहुत गहरा था. ऐसा लगा मैं अपने घर पहुंच गया हूं. वो साउंड, वो फ्रीक्वेंसी, उस एक शब्द में छिपे इमोशन— इस तरह मुझे महसूस हुआ, जो सही से समझाया नहीं जा सकता. मेरे आंसू गालों तक आ गए— खुशी से, या इस कहानी से कनेक्शन की वजह से, पता नहीं. मुझे बस ऐसा महसूस हुआ.' कई यूजर्स ने कहा कि ये टीजर देखकर उनकी सांसें थमी रह गईं.
नितेश तिवारी की इस रामायण में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे जैसे कलाकार महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं. रामायण का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होना है. लॉस एंजेलिस में टीजर स्क्रीनिंग से आ रहे रिएक्शन बता रहे हैं कि हनुमान जयंती, 2 अप्रैल को इसे देखने के बाद इंडियन फैन्स भी इससे बहुत खुश होने वाले हैं.
aajtak.in