तमिल सिनेमा के थलाइवा रजनीकांत आज भी लोगों को अपने स्वैग और स्टाइल से दीवाना बना रहे हैं. उनकी नई फिल्म जेलर 2 को लोगों ने बड़ा पसंद किया, और अभी भी इसे देखने थिएटर्स में जा रहे हैं. 15 अक्टूबर को ये फिल्म दुनियाभर में रिलीज हुई थी, और इसने 17 दिनों के अंदर तमिल सिनेमा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
जेलर 2 बनी सबसे बड़ी फिल्म
रजनीकांत ने अपनी फिल्म जेलर 2 के जरिए अपना आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है. उनकी ये फिल्म तमिल सिनेमा की सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म जेलर 2 ने 17 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 790.85 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. आज 18वें दिन ये आंकड़ा 800 करोड़ के पार भी पहुंच जाएगा.
इससे पहले ये रिकॉर्ड साल 2018 में आई 2.0 के पास था. उस फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 699–800 करोड़ रुपये के बीच बताया जाता है. रजनीकांत ने सबसे तेज इस आंकड़े को पार किया, और बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा. 75 साल की उम्र में भी उनका जलवा बरकरार है.
टॉप पर हैं रजनीकांत
फिल्म जेलर 2 ने इंडियन सिनेमा की कुछ बड़ी फिल्मों- धुरंधर 2, बाहुबली 2, KGF चैप्टर 2 और पुष्पा 2 को भी पीछे छोड़ा है. ये फिल्म साउथ इंडिया के चार बड़े बाजारों में अलग-अलग 75 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है. इनमें तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, कर्नाटक और केरल शामिल हैं.
खास बात ये है कि भारत और दुनियाभर में इससे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में भी इन चारों राज्यों में एक जैसी मजबूत पकड़ नहीं बना पाईं. भले ही धुरंधर 2 साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनकर उभरी हो, लेकिन जेलर 2 ने एक अलग ही रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
रामायण से पहले छाए रजनीकांत
रजनीकांत के पास रामायण से पहले एक बड़ा मौका था, जिसे उन्होंने आसानी से हाथों से जाने नहीं दिया. जेलर 2 के साथ कोई दमदार फिल्म रिलीज नहीं हुई थी, इस कारण से इसे बॉक्स ऑफिस पर बड़ा फायदा मिला है. अब रामायण के आने के बाद, जेलर 2 की रफ्तार पर असर पड़ सकता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क