2025 के पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी एक्टर्स के इंस्टाग्राम अकाउंट्स भारत में बैन हो गए थे. लेकिन हाल ही में माहिरा खान, हानिया आमिर, फवाद खान, बिलाल अब्बास खान, सजल अली जैसे स्टार्स के अकाउंट्स भारत में दिखाई दिए. थोड़ी देर बाद फिर से 'यह अकाउंट भारत में उपलब्ध नहीं है' का मैसेज आ गया.
पाकिस्तान आर्टिस्ट का सोशल मीडिया अकाउंट एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है. लोग कन्फ्यूज हो गए कि क्या बैन हट गया? कई लोगों ने कहा ये टेक्निकल ग्लिच होगा, क्योंकि बाद में अकाउंट्स फिर गायब हो गए.
इंडिया में दिखे पाक आर्टिस्ट के अकाउंट
कुछ देर के लिए जब पाकिस्तानी आर्टिस्ट के सोशल मीडिया अकाउंट भारत में दिखे, तो लोग हैरान हो गए. सब सोच पड़े गए कि आखिर रातोरात ये चमत्कार हुआ कैसे. एक यूजर ने पाक सेलेब्स के इंस्टाग्राम अकाउंट का स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए लिखा कि मुझे पाकिस्तानी प्रोफाइल्स दिख रहे हैं और मैं वीपीएन यूज नहीं कर रहा हूं.
पाक कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट इंडिया में कैसे दिखाई इसकी अब तक सॉलिड वजह सामने नहीं आई है. हो सकता है कि ये किसी ग्लिच की वजह हुआ हो. क्योंकि थोड़े समय बाद ये अकाउंट फिर से इंडिया में नहीं दिखने लगे. कुछ यूजर्स ने नोटिस किया कि पाकिस्तान आर्टिस्ट के अकाउंट कभी ब्लॉक, तो कभी एक्टिव नजर आ रहे हैं. इस पर सरकार की ओर से भी अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
इधर पाकिस्तानी एक्टर्स के इंस्टा अकाउंट्स भारत में दिखने की कन्फ्यूज़न के बीच हानिया का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वो फिल्म शूल के बॉलीवुड सॉन्ग 'मैं आई हूँ UP बिहार लूटने' पर डांस कर रही थीं. हानिया के डांस वीडियो को खूब पसंद किया गया.
बैन हैं पाकिस्तानी आर्टिस्ट
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी एक्टर्स को इंडियन फिल्मों में काम करने से रोक दिया गया, लेकिन फवाद खान की 'अबीर गुलाल' और हानिया आमिर वाली 'सरदारजी 3' पहले ही शूट हो चुकी थीं. दोनों फिल्में रिलीज के लिए तैयार थीं, लेकिन इन्हें बैन कर दिया गया. 'अबीर गुलाल' और 'सरदारजी 3' विदेशों में रिलीज हुईं. फवाद खान की फिल्म कुछ खास कमाल नहीं कर पाई, लेकिन हानिया आमिर की फिल्म सुपरहिट साबित हुई.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क