बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर एक बार फिर सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर आ गए हैं. हाल ही में उन्होंने नितेश तिवारी की आने वाली मचअवेटेड फिल्म 'रामायण' के गाने पर तंज कसते हुए 'नर्सरी राइम्स' और 'कव्वालियों' वाला कहा था. इसके साथ ही उन्होंने अपनी फिल्म 'आदिपुरुष' का बचाव किया था. लेकिन उनका यह बयान उनके लिए ही उल्टे दांव की तरह साबित हुआ.
बीते दिनों उन्होंने अपनी पुरानी फिल्म 'आदिपुरुष' का गाना 'तू है शीतल धारा' सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर शेयर किया था. अब लोगों ने उनके हाल ही में रिलीज हुए भजन की शैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए है. इंटरनेट पर यह मामला तूल पकड़ चुका है और यूजर्स उनके इस बयान को लेकर उनकी जमकर क्लास ले रहे हैं.
'रामायण' के गाने पर भड़क उठे थे मनोज मुंतशिर
यह पूरा विवाद तब गर्माया जब 25 अक्टूबर को नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का 'मंगल रंग' गाना रिलीज हुआ. इस गाने के रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वर्ग ने इसके म्यूजिक की तुलना कव्वाली से करनी शुरू कर दी और इसे ट्रोल किया जाने लगा. इसी बीच एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि क्या यह 'मनोज मुंतशिर स्टाइल का कोई स्टंट है?' इस बात पर मनोज मुंतशिर का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने राम के लिए कोई बच्चों की कविताएं या कव्वालियां नहीं लिखी थीं, बल्कि उनके गानों में पूरी भक्ति, समर्पण और काव्य-रचना थी. उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी गलती के लिए राम भक्तों से माफी मांग चुके हैं, लेकिन उनके गानों पर बेवजह सवाल न उठाए जाएं.
अब खुद पर आ पड़े 'कव्वाली' के आरोप
मुंतशिर का यह बयान अभी पूरी तरह ठंडा भी नहीं हुआ था कि टी-सीरीज ने एक राम की भक्ति भाव वाला भजन 'दशरथ का ललन' (Dashrath Ka Lalan) अपने पेज पर पोस्ट कर दिया, जिसे खुद मनोज मुंतशिर ने ही लिखा था. इस भजन के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने राइटर को घेर लिया और उनके पिछले बयान की याद दिलाते हुए उन पर खुद कव्वालीनुमा या वैसी ही शैली के गाने लिखने के ताने कसने शुरू कर दिए. लोगों का कहना है कि जो शख्स दूसरों के गानों को कव्वाली कहकर ट्रोल कर रहा था, उसके अपने लिखे भजन में भी वही रंग देखने को मिलता है.
सोशल मीडिया पर यूजर्स के तीखे कमेंट्स
इस पोस्ट के सामने आने के बाद यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में मनोज मुंतशिर की जमकर खिंचाई की. कई लोगों ने स्क्रीनशॉट और मीम्स शेयर करते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया, 'एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'खुद ही कव्वाली बना दी.' वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, 'ब्रदर, हम 'रामायण' फिल्म के गाने को ट्रोल कर रहे हैं, लेकिन यह तो असल में कव्वाली जैसी वाइब दे रहा है.' वहीं एक यूजर ने लिखा, 'ये तो 'भर दो झोली' कव्वाली का म्यूजिक लग रहा है.'
हालांकि अभी तक इस गाने को मिल रहे रिएक्शन पर मनोज मुंतशिर की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं आया है. देखना होगा कि वो इस पर क्या कहते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क