मनीष पॉल के घर पसरा मातम! 77 की उम्र में मां का निधन, छलका दर्द, बोले- आज दुनिया खामोश हो गई

टीवी और बॉलीवुड एक्टर मनीष पॉल की मां उर्मिल पॉल का 77 साल की उम्र में निधन हो गया. मां को खोने के बाद मनीष ने इंस्टाग्राम पर बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसे पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए. जानिए उन्होंने क्या लिखा.

Advertisement
नहीं रहीं मनीष पॉल की मां  (Photo: Instagram @manieshpaul) नहीं रहीं मनीष पॉल की मां (Photo: Instagram @manieshpaul)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:20 AM IST

टीवी और बॉलीवुड के मशहूर होस्ट-एक्टर मनीष पॉल के घर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी मां उर्मिल पॉल का 77 साल की उम्र में दिल्ली में निधन हो गया. इस दुखद खबर की पुष्टि मनीष की टीम ने की है. टीम ने बताया कि उर्मिल पॉल अब इस दुनिया को अलविदा कह चुकी हैं और सभी से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की.

Advertisement

मां के निधन के बाद मनीष पॉल ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं.

'आज दुनिया कुछ ज्यादा खामोश लग रही है...'

मनीष ने अपनी मां को याद करते हुए लिखा कि आज उन्होंने अपनी मां को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. उन्होंने मां को अपना पहला घर, सबसे बड़ा सहारा और दुनिया की सबसे मजबूत महिला बताया.

उन्होंने लिखा कि शब्द कभी ये नहीं बता सकते कि उनकी मां उनके लिए क्या थीं और उनके जाने से जिंदगी में कितना बड़ा खालीपन आ गया है. हालांकि, मां का प्यार, उनकी ताकत, उनकी दयालुता और जिंदगी की सीख हमेशा उनके साथ रहेगी.

पोस्ट के आखिर में मनीष ने लिखा- उम्मीद है कि अब आप सुकून में होंगी. मां, मुझे उस तरह प्यार करने के लिए शुक्रिया, जैसा सिर्फ एक मां ही कर सकती है. जब तक फिर मुलाकात नहीं होती... हमेशा आपसे प्यार करता रहूंगा.

Advertisement

परिवार को हमेशा रखा लाइमलाइट से दूर

मनीष पॉल अपनी निजी जिंदगी को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखते हैं. उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त संयुक्ता पॉल से शादी की है. दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी सायशा और बेटा युवान. बिजी शेड्यूल के बावजूद मनीष हमेशा अपने परिवार के साथ समय बिताने को प्राथमिकता देते रहे हैं.

मनीष पॉल ने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली में स्कूल और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एंकरिंग से की थी. बाद में उन्होंने फिल्म 'मिक्की वायरस' से बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में कदम रखा. हाल ही में वो फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में नजर आए थे. इस फिल्म में वरुण धवन, जाह्नवी कपूर, सान्या मल्होत्रा, रोहित सराफ और अक्षय ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में थे.

मां के निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स मनीष पॉल को हिम्मत दे रहे हैं और उनकी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »