मलाइका अरोड़ा कई दशकों से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं. अक्सर वो किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहती हैं. उनके रिलेशनशिप और पर्सनल लाइफ पर कई बार चर्चा होती हैं. इसकी वजह से उन्हें ट्रोल भी किया जा चुका है. फिर भी उन्होंने सब कुछ बहुत बढ़िया तरीके से संभाला है. मलाइका आज और भी मजबूत और आत्मविश्वास भरी इंसान हैं. वे फिलहाल एक लाइफस्टाइल ब्रांड, योग स्टूडियो, फैशन लेबल और एक रेस्टोरेंट की मालकिन हैं. इस सबके बीच मलाइका अपने 23 साल के बेटे अरहान खान की भी परवरिश कर रही हैं.
52 साल मलाइका अपने बेटे अरहान खान के साथ बढ़िया बॉन्ड शेयर करती हैं. मलाइका ने 1998 में एक्टर अरबाज खान से शादी की थी. अरहान का जन्म 2002 में हुआ था. एक्स कपल आज भी मिलकर बेटे की परवरिश पर ध्यान दे रहे हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में मलाइका ने प्यार और रिलेशनशिप को लेकर अपने विचार रखे. साथ ही बेटे अरहान संग हुई एक बातचीत को याद किया. मलाइका ने बताया कि बेटे की बातों ने न सिर्फ उन्हें हैरान किया, बल्कि सोच में भी डाल दिया था.
अरहान को नहीं करने शादी-बच्चे
मई 2026 में टाइम्स एंटरटेनमेंट को दिए इंटरव्यू में मलाइका अरोड़ा ने बेटे अरहान खान के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि अरहान अक्सर उन्हें सलाह देते हैं. ये सलाह समझदारी भरी, जमीन से जुड़ी और अच्छी होती हैं, न कि खोखली या फालतू. इंटरव्यू के दौरान उनसे पूछा गया कि बेटे के साथ ऐसा कौन-सा पल था जिसने उन्हें कन्फ्यूज कर दिया था.
मलाइका ने याद करते हुए बताया, 'उसने मुझे कहा, 'मॉम, मैं शादी नहीं करने वाला हूं, ठीक है? तो प्लीज ये बात भूल जाओ कि आपको नाती-पोते मिलेंगे.' मैंने कहा, 'क्यों?' तो वो बोला, 'AQI 500 और 1000 होने वाली दुनिया में मैं बच्चे क्यों लाना चाहूंगा? क्यों करूं ये?' उसने कहा, 'इसका कोई फायदा ही नहीं है.' हम बस एक रैंडम बातचीत कर रहे थे. उसने ये कहा तो मैंने कहा, 'क्या तुम पागल हो गए हो? नहीं, तुम्हें सब कुछ एक्सपीरिएंस करना चाहिए.' लेकिन फिर मैंने कहा, 'पता है क्या, जो तुम चाहो, जो तुम फैसला लो, बस खुश रहना.''
इंटरव्यू में मलाइका ने ये भी स्वीकार किया कि उनका बेटा अरहान अक्सर उनसे बेहतर लाइफ एडवाइस देता है. उन्होंने खुलासा किया कि अरहान अक्सर उनसे कहता है- 'मॉम, आपको चिल करना चाहिए' और 'आपको टेंशन फ्री होना चाहिए'. अपनी बेटे की लेडबैक यानी चिल Gen Z सोच की तारीफ करते हुए मलाइका ने कहा कि कभी-कभी वो उसे अपना 'ज्ञान' कम करने को कहती हैं. उन्होंने बताया कि वो कहती हैं, 'मुझे तुम्हारा लगातार ज्ञान नहीं चाहिए, लेकिन उसे ये पसंद है.' उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन जो भी वो कहता है, और जब वो गंभीर होकर बैठकर बात करता है, तो उसकी हर बात बिल्कुल सही लगती है.'
हाल ही में अरहान खान ने मां मलाइका अरोड़ा को जीवन जीने का एकदम Gen Z तरीका बताया. उनके हिसाब से ये 'lifemaxxing' है. जिसका मतलब है जीवन को खुलकर जीना. मलाइका ने कहा, 'उसने मुझे बैठाया और 'lifemaxxing', 'funmaxxing', 'travelmaxxing' करने को बोला. मतलब जीवन को पूरी तरह से, फुल तरीके से जीना. वो कहता है कि आपको ऐसा करना चाहिए.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क