लेजेंडरी एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने हालिया वीडियो में खुद को डंके की चोट पर दिमागी नक्सल कहा. उन्होंने केंद्र सरकार पर भी तीखा तंज कसा. नसीरुद्दीन शाह ने कहा उन्हें एंटी नेशनल कहो या टुकड़े टुकड़े गैंग.. कोई फर्क नहीं पड़ता. अब नसीरुद्दीन शाह के इस वीडियो पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रिएक्ट किया है. मंत्री के मुताबिक, वो नहीं जानते थे नसीरुद्दीन शाह इतने खतरनाक हैं. रिजिजू ने उनकी सोच को लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक बताया है.
मंत्री का नसीरुद्दीन पर तंज
सोशल मीडिया पर किरेन रिजिजू ने नसीरुद्दीन शाह का खुद को दिमागी नक्सल बताने वाला वीडियो शेयर किया. कैप्शन में उन्होंने लिखा- मैं सोचता था नसीरुद्दीन शाह एक साधारण एक्टर हैं. मैं उन्हें बेहद पसंद करता था. उनकी काफी इज्जत करता था. मुझे नहीं पता था कि वो खतरनाक अर्बन दिमागी नक्सल हैं. मुझे उनके असली चरित्र के बारे में बहुत देर से पता चला. भारत के लोकतंत्र के लिए अत्यंत हानिकारक हैं.
नसीरुद्दीन शाह ने क्या कहा था?
मंगलवार को एक्टर ने फेसबुक पर एक वीडियो शेयर कर कहा था- मैं फक्र के साथ कहता हूं, मैं दिमागी नक्सल हूं. दिमागी नक्सल के अलावा मालूम नहीं क्या-क्या लकब (उपनाम) दिए हैं. मुझे जैसे लोगों को, एंटी-नेशनल, टुकड़े-टुकड़े गैंग और मालूम नहीं क्या-क्या बोला. टुकड़े-टुकड़े गैंग अगर इस मुल्क में कोई है, तो वो ये नाजायज हुकूमत है. मैं इस हुकूमत से एक सवाल पूछना चाहता हूं. और क्या-क्या करोगे तुम? हमारे मुल्क के नौजवानों की हिम्मत को तोड़ने के लिए, शिक्षा संस्थानों को बर्बाद करने के लिए और हमारे लोकतंत्र को खतरे में डालने के लिए, कितना करोगे? तुम और तुमने अपने इर्द-गिर्द जो बेवकूफ, बेईमानों की पलटन इकट्ठी की है, कहां तक जाओगे?"
अपने इस वीडियो में नसीरुद्दीन ने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU), सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) और जामिया मिलिया इस्लामिया का जिक्र किया. उनके मुताबिक, इन संस्थानों में छात्रों के साथ हो रहे जुल्मों को याद रखा जाएगा. नसीरुद्दीन शाह ने छात्रों का समर्थन करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि इस मुल्क के नौजवानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता. ना ही यहां के शिक्षा संस्थानों को बर्बाद किया जा सकता है. ना ही हमारा लोकतंत्र खतरे में पड़ने वाला है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क